- Hindi News
- 21 को आएगी भाजपा उम्मीदवारों की दूसरी सूची : विजयवर्गीय
21 को आएगी भाजपा उम्मीदवारों की दूसरी सूची : विजयवर्गीय
मध्यप्रदेशके केबीनेट मंत्री और हरियाणा भाजपा के प्रभारी कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि पार्टी की 20 सितंबर को महत्वपूर्ण बैठक होगी। जिसके उपरांत 21 सितंबर को हरियाणा विधानसभा चुनावों के लिए उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी कर दी जाएगी।
कैलाश विजयवर्गीय मंगलवार को नोहर रोड स्थित अग्रवाल धर्मशाला में भाजपा के बूथ लेवल कार्यकर्ताओं को संबोधित करने के उपरांत पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने दावा किया कि लोगों ने तय कर लिया है कि अब हरियाणा में भी भाजपा की सरकार बनाएंगे। उन्होंंने कहा कि हरियाणा विधानसभा चुनावों में मुख्यमंत्री का नाम घोषित करने से हम नहीं डरते। भाजपा के पास देश में बहुत बड़ा चेहरा है। नरेंद्र मोदी केवल एक व्यक्ति का नाम नहीं बल्कि एक विचारधारा है। लोग विचारधारा पर वोट देते हैं। उन्होंने कहा कि चुनावों में उनकी 60-70 सीटें आएंगी। उसके बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह और चुने गए विधायक 15 मिनट में मुख्यमंत्री का चुनाव कर उसका नाम घोषित कर देंगे।
उन्होंने कहा कि हरियाणा के मुख्यमंत्री प्रदेश को नंबर-1 कह कर प्रचारित कर रहे हैं जबकि वास्तव में हरियाणा भ्रष्टाचार के मामलों में नंबर-1 है। उन्होंने कहा कि हम थ्री जी अर्थात गुंडा गैंग, गुलाबी गैंग और ग्रीन गैंग हटाएंगे और टू जी अर्थात गुड गवर्नेंस लाएंगे। हम पारदर्शी और ईमानदार लाएंगे। उन्होंने कहा कि हरियाणा में 90 विधानसभा सीटों पर 300 से अधिक लोगों ने टिकटों के लिए आवेदन किया है। इसलिए कुछ कार्यकर्ताओं को टिकट नहीं मिलने पर नाराजगी स्वाभाविक है। भाजपा ने अपनी पहली सूची में जिन 43 सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा की थी। कार्यक्रम में प्रदेश के पूर्व मंत्री प्रो. गणेशीलाल, भाजपा के सह-संगठन मंत्री राकेश जैन, जिला प्रभारी ओमप्रकाश, अरुण बेनीवाल, अनिल खोड, कैप्टन राजीव, नंदलाल शर्मा, भूरा राम डूडी, बलवान जांगड़ा, मनोज चोटिया, मदन गोदारा, नरेश कटारिया, मनोज भादरावाला, रामकुमार कड़वासरा, प्यारा सिंह, मनप्रीत आजाद उपस्थित थे।