किसानों ने पंचमुखी चौक पर ट्रैिफक रोका
यूरियाखाद नहीं मिलने पर किसानों ने रविवार को मुख्य बाजारों में प्रदर्शन किया। इसके बाद किसानों ने पंचमुखी चौक जाम लगाकर प्रदर्शन किया। किसानों ने बीडीपीओ महेंद्र सिंह नेहरा के सोमवार से सभी किसानों को यूरिया खाद उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया। इस पर किसानों ने करीब एक घंटे बाद रोड जाम खोला।
इससे पहले किसान सुबह दस बजे एकत्रित हुए और बाजारों में प्रदर्शन िकया। पंचमुखी चौक पर जाम लगा दिया। जाम की सूचना मिलने पर थाना प्रभारी विनोद कुमार पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे और किसानों को समझाने का प्रयास किया लेकिन किसानों ने उनकी बात सुनने से इनकार कर दिया। प्रदर्शनकारी किसानों को मनाने के लिए डीएसपी कुलदीप बेनीवाल कृषि विकास अधिकारी ओमप्रकाश सिरावता मौके पर पहुंचे, लेकिन प्रदर्शनकारी तुरंत खाद मंगवाने की जिद पर अड़े रहे। इसके बाद मौके पर बीडीपीओ महेंद्र सिंह नेहरा ने किसानों को आश्वासन दिया कि आपको जल्द ही यूरिया खाद मिलेगी। जो तुरंत वितरित की जाएगी। प्रदर्शनकारी रमेश भादू, बेहरवाला खुर्द के सरपंच सतपाल भाकर, दौलतराम ढाका, छिंद्रपाल भाकर, भजन सामा, गुरविंद्र बराड़, अशोक कुमार, वकील सिंह, बनवारी भाकर, लखबीर सिंह, विजय सतपाल सहारण ने कहा कि इस समय क्षेत्र में गेहूं की फसल में यूरिया देना बहुत जरूरी है। यदि इस समय यूरिया नहीं डाली जाती तो किसान की फसल बर्बाद हो जाएगी। उन्होंने बताया कि किसानों को यूरिया नहीं मिल रही। प्रशासन की ओर से किसानों को 1 राशन कार्ड पर 5 थैले यूरिया खाद दी जा रही है। जिसके लिए किसान कड़कड़ाती ठंड के बावजूद सुबह 4 बजे लाईन में लगते हैं लेकिन बावजूद इसके अधिकारी दस बजे आकर किसानों को खाद की पर्ची कट जाने और बिना पर्ची खाद नहीं होने की बात कह टाल देते हैं। रमेश भादू ने कहा कि मौजूदा सरकार अधिकारियों का तबादला करने में व्यस्त है। सरकार का किसानों हितों आम जनता की समस्याओं से कोई सरोकार नहीं है। एक ओर जहां किसानों को अपनी फसल का उचित मूल्य नहीं मिला वहीं सरकार किसानों हितों के लिए ठोस कदम नहीं उठाया। स्वामीनाथन आयोग लागू करने में सरकार हिचकिचा रही है। सरकार चुनावों से पहले किसान हितों का ढिंढोरा पीट रही थी। उन्होंने कहा कि जल्द ही किसानों को खाद नहीं मिली तो आंदोलन किया जाएगा।
पंचमुंखी चौक पर यूरियां खाद की किल्लत को लेकर प्रदर्शन करते किसान।