मानसिक रोग नशा मुक्ति शिविर लगाया
ऐलनाबाद | शहरके हनुमानगढ़ रोड पर जैन अस्पताल में रविवार को मनोरोग जांच नशा मुक्ति चिकित्सा शिविर आयोजित किया गया। जिसमें शारदा अस्पताल, हनुमानगढ़ के डा. अमित भादू ने अपनी टीम सहित सेवाएं दी। शिविर में करीब 100 मरीजों की जांच कर उन्हें नि:शुल्क उपचार एवं दवाएं प्रदान की गई। डा. अमित भादू ने बताया कि बेवजह चिंता करना, नींद नहीं आना, मन उदास रहना, चिड़चिड़ा स्वभाव होना, बार-बार हाथ धोना, किसी चीज को बार-बार चैक करना, किसी पर बेवजह शक करना, अजीब-अजीब आवाजें सुनाई देना, मिर्गी के दौरे और सिर दर्द मानसिक रोगों के लक्षण हैं। ये हमारे दिमाग में रसायनों के उतार-चढ़ाव के कारण होते हैं। समय पर इलाज करवाने से इन रोगों से मुक्ति पाई जा सकती है। उन्होंने बताया कि समय पर इलाज लेने से विभिन्न प्रकार के नशों जैसे पोस्त, अफीम, शराब, कैप्सूल, स्मैक, नशे की गोलियां, कफ सीरप आदि से भी बचा जा सकता है। उन्होंने बताया कि वे लगातार 2 वर्षों से इस प्रकार के शिविर लगाकर अपनी नि:शुल्क सेवाएं दे रहे हैं। जिससे अब तक सेकंड़ों लोगों को लाभ पहुंचा है।