थाना में जनसहयोग से बनाए मंदिर में गूंजे बजरंग बली के जयकारे
भजन गायक परविंद्र सिंह बिट्टा और जितेंद्र शर्मा पप्पू ने किया गुणगान
भास्करन्यूज | ऐलनाबाद
शहरके पुलिस थाना में जनसहयोग से नवनिर्मित मंदिर में बुधवार रात्रि को भगवान बजरंग बली का जगराता आयोजित किया गया। जिसमें भजन गायक परविंद्र सिंह बिट्टा और जितेंद्र शर्मा पप्पू ने अपनी मधुर वाणी में बजरंग बली का गुणगान किया। जगराते में डीएसपी कुलदीप बेनीवाल एसएचओ विकास कुमार की मौजूदगी में शहर के सैकडों लोग उपस्थित थे।
परविंद्र सिंह बिट्टा और जितेंद्र शर्मा पप्पू ने गणेश वंदना और हनुमान चालीसा के साथ जगराते में भजनों की प्रस्तुति शुरु की तो वहां उपस्थित सभी श्रद्धालु झूम उठे। बता दें कि बुधवार को मंदिर में पूरे वैदिक विधि विधान और हवनयज्ञ के साथ बजरंग बली की प्रतिमा का प्राण प्रतिष्ठा की गई थी।
जिसमें पुलिसकर्मियों और शहर के सैकडों गणमान्यजनों क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों ने भाग लेकर हवन में आहुति डाली। इस अवसर पर प्रसाद वितरण कार्यक्रम भी हुआ। जिसमें सैकडों लोगों ने एकसाथ बैठ कर प्रसाद ग्रहण किया। इससे पूर्व शहर में बजरंग बली की प्रतिमा की शोभायात्रा निकाली गई थी। इस अवसर पर रणजीत सिंह थेंच, बी.एम. नागर, सुरेंद्र जाजू, वेद भारद्वाज, रवि लढ़ा, गौरीशंकर लढ़ा, राजवीर सहारण, सतीश थेंच, मुंशी सुमित उपस्थित थे।