पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • बैंक खाते बने बुजुर्गों के लिए परेशानी का सबब

बैंक खाते बने बुजुर्गों के लिए परेशानी का सबब

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
प्रशासन ने बाकायदा जारी किया है शेड्यूल

भास्करन्यूज | ऐलनाबाद

प्रदेशसरकार की ओर से दी जाने वाली बुढ़ापा, विधवा और विकलांग पेंशन पात्रों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। सरकार की इस योजना को सिरे चढ़ाने के लिए विभिन्न बैंक पेंशन पात्रों का सहयोग नहीं कर रहे हैं। जिससे ये लोग अपनी पेंशन के लिए भटक रहे हैं। हालांकि समाज कल्याण विभाग ने इन खातों को खोलने के लिए बाकायदा एक शैड्यूल जारी कर बैंकों को प्राधिकृत किया है, लेकिन बावजूद इसके बैंक अधिकारी-कर्मचारी पेंशन पात्रों को परेशान करने पर तुले हैं।

पेंशन पात्र हरिप्रसाद, रोशनीदेवी, भगवती प्रसाद, रोहताश, गुड्डी देवी, कर्मजीत कौर, सुक्खी देवी ने बताया कि वे पेंशन लेने के लिए नगरपालिका में गए तो उन्हें बताया कि इस बार उनकी पेंशन बैंक खातों में आएगी। नगरपालिका कर्मचारियों ने उन्हें बैंकों की सूची देकर वार्ड अनुसार खाते खुलवाने की जानकारी भी दी। जब वे संबंधित बैंक में खाता खुलवाने गए तो बैंक कर्मचारियों ने उनके खाता खोलने की बजाय उन्हें दूसरे ही बैंकों में भेज दिया। जब वे दूसरे बैंकों में गए तो वहां भी उनके खाते नहीं खोले गए।

इस प्रकार वे एक से दूसरे बैंक के चक्कर काटकर परेशान हो चुके हैं लेकिन ना तो उनके खाते खोले जा रहे और ना ही उन्हें पेंशन मिल रही है। ऐसे में वे सरकारी योजना का लाभ नहीं ले पा रहे हैं। इधर, जिला समाज कल्याण अधिकारी कृष्ण कुमार ने बताया कि केंद्र सरकार की कई महत्वपूर्ण एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सीधे संबंधित पात्र व्यक्ति को ही मिले। इसके लिए इन योजनाओं को बैंक खातों से जोड़ा जा रहा है।

शहर के वार्ड 1-2 के पेंशन पात्रों के लिए स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, वार्ड 3-4 के पेंशन पात्रों के लिए एचडीएफसी. बैंक, वार्ड 5-6 के लिए ओरियंटल बैंक ऑफ कॉमर्स, वार्ड 7 10 के लिए स्टेट बैंक ऑफ पटियाला, वार्ड 8-9 के लिए पंजाब नेशनल बैंक, वार्ड 11-12 के लिए सैंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, वार्ड 13-14 के लिए हरियाणा ग्रामीण बैंक, वार्ड 15-16 के लिए एक्सिस बैंक तथा वार्ड 17 के पेंशन पात्रों के लिए पंजाब एंड सिंध बैंक को अधिकृत किया गया है।