- Hindi News
- कांग्रेस की नीतियां ही लागू कर रही है भाजपा सरकार: इंद्रजीत
कांग्रेस की नीतियां ही लागू कर रही है भाजपा सरकार: इंद्रजीत
केंद्रऔर राज्य की भाजपा सरकार पूर्णतया वायदा खिलाफी करके कांग्रेस की बदनाम नीतियों को ही लागू कर रही है जिससे जनता की रोटी-रोटी, शिक्षा-स्वास्थ्य, खेती-रोजगार का संकट गहरा होता जा रहा है। यह बात माकपा राज्य सचिव का.इंद्रजीत सिंह ने माकपा जिला कमेटी द्वारा उपायुक्त कार्यालय पर आयोजित जिला स्तरीय धरने को संबोधित करते हुए कही।
धरने की अध्यक्षता पूर्व विधायक हरपाल सिंह ने की संचालन माकपा जिला सचिव का.रामकुमार बहबलपुरिया ने किया। इंद्रजीत सिंह ने कहा कि अच्छे दिनों का वायदा करके सत्ता प्राप्त करने वाली भाजपा सरकार पूंजीपतियों के करोड़ों रुपये टैक्सों के माफ कर दिए और मनरेगा को बंद करने की कुचेष्ठा कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशों को लागू करने से मना कर रही है। विदेशी कम्पनियों को फायदा पहुंचाने के लिए कृषि संकट को गहरा कर रही है और बीमा, रेलवे, रक्षा क्षेत्र को विदेशी पूंजी के हवाले कर रही है। उन्होंने कहा कि जनता की ज्वलंत समस्याओं को हल करने की बजाय लोगों के बीच में जात-धर्म के नाम पर नफरत के बीज बोकर सांप्रदायिकता को बढ़ावा दिया जा रहा है। धरने के माध्यम से 13 सूत्री मांग पत्र प्रधानमंत्री मुख्यमंत्री के नाम उपायुक्त को सौंपा गया। धरने को एसयूसीआई के नेता का.विजय कुमार, भाकपा नेता चन्द सिंह, माकपा नेता जगतार सिंह, रामस्वरूप ढाणी गोपाल, रमेश जांडली, छत्रपाल सिंह, मनफूल सिंह ढाका, जसवंत कौर, राजकुमार निराणियां, अंग्रेज सिंह आदि ने भी संबोधित किया। ज्ञापन में माकपा ने मनरेगा का बजट बढ़ाने, इसे सभी गांवों में लागू कर समय पर पेमेंट का भुगतान करने, महंगाई पर रोक लगाने, जीवन रक्षक दवाईयों के बढ़ाए रेट वापिस लेकर दवाईयों को सरकारी नियंत्रण में रखने, काले धन को उजागर करने के ठोस कदम उठाने, स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशों को लागू करने आदि की भी मांग की है।
लघु सचिवालय के बाहर माकपा द्वारा आयोजित धरने में उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए माकपा के प्रदेश सचिव इंद्रजीत सिंह।