- Hindi News
- नई अनाज मंडी का निर्माण कार्य शुरू करने की मांग
नई अनाज मंडी का निर्माण कार्य शुरू करने की मांग
पिछलेकाफी समय से लंबित पड़े नई अनाज मंडी के कार्य को शुरू करवाने की मांग को लेकर व्यापार मंडल फतेहाबाद का प्रतिनिधिमंडल प्रधान प्रेमचंद मित्तल की अगुवाई में मुख्य प्रशासक अनिल मलिक से चंडीगढ़ में मिला।
प्रतिनिधिमंडल ने जल्द से जल्द मंडी के कार्य को शुरू करवाने तथा आगामी गेहूं के सीजन के ध्यानार्थ तब तक मंडी में फड़ बनवाने की मांग रखी ताकि गेहूं के सीजन में मौजूदा मंडी में किसी प्रकार की परेशानी हो। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य प्रशासक को बताया कि फतेहाबाद की मंडी सबसे अधिक राजस्व देने वाली मंडी है और यह छोटी होने के कारण अधिकतर अनाज बाहर की मंडियों में चला जाता है, इससे राजस्व का घाटा तो होता ही है, साथ ही व्यापारियों को भी काफी नुकसान उठाना पड़ता है। उन्होंने बताया कि अब शहर की नई अनाज मंडी बाहर बनाई जा रही है, मगर उसका कार्य अभी तक शुरू नहीं हो पाया है। इसलिए जल्द से जल्द यह कार्य शुरू कराया जाए और गेहूं सीजन तक यहां पक्के फड़ बनवाए जाएं, ताकि किसान अपनी गेहूं की फसल वहां डाल सके। इस पर मुख्य प्रशासक ने उन्हें इसे गंभीरता से लेते हुए जल्द कार्य शुरू करवाने का आश्वासन दिया और इस संबंध में अधिकारियों को निर्देश दिए। प्रतिनिधिमंडल में व्यापार मंडल के पूर्व प्रधान टेकचंद मिढ़ा, पवन कालापीला, सह सचिव हरभजन जइया, पवन नागपाल, विजय मोंगा भी शामिल थे।