- Hindi News
- नप प्रधान के खिलाफ इनेलो पार्षद भी भाजपा का साथ देने को तैयार
नप प्रधान के खिलाफ इनेलो पार्षद भी भाजपा का साथ देने को तैयार
अविश्वास प्रस्ताव पर एकजुटता दिखाने का दावा,14 पार्षद हैं सहमत
नगरपरिषद के चेयरमैन वीरेंद्र नारंग को हटाने की मुहिम चला रहे विरोधी खेमे के 7 पार्षदों के भाजपा में शामिल होने के बाद अब बाकी बचे पार्षद भी भाजपा के आगे घुटने टेकने लगे हैं। इनेलो की सरकार आने से परेशान इनेलो समर्थित पार्षदों को मजबूरन भाजपा की मदद लेनी पड़ रही है। पार्षदों का कहना है कि वीरेंद्र नारंग की चेयरमैनी छीनने के लिए जोकुछ भी करना पड़ेगा वे करेंगे। पार्षद इनेलो समर्थित होने के बाद भी भाजपा की मदद कर नारंग को हटाने के लिए तैयार हैं। हालांकि विरोधी खेमे के पार्षदों की बात का परिणाम निकालें तो नए चेयरमैन के नाम को लेकर कुछ संशय बना हुआ है।
नगर परिषद चेयरमैन वीरेंद्र नारंग के अलावा बलवंत राय, सुनीता रति,वजीर जाखड़, चंद्रकातां चराईपौत्रा एक साथ माने जा रहे हैं।
विरोधी खेमे के पार्षद 10 दिसंबर को एसडीएम सतीश सिंगला से मिले थे। अविश्वास को बैठक बुलाने की तारीख मांगी थी। एसडीएम ने मौखिक तौर पर 18 दिसंबर की तारीख दी थी, लेकिन यह भी कहा था कि इस बारे में डीसी की ओर से लिखित आदेश मिलना जरूरी है।
आज तारीख नहीं मिली तो कोर्ट जाएंगे
नप चेयरमैन के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने को लेकर विरोधी खेमे के पार्षदों की ओर से अधिकारियों को कई बार ज्ञापन सौंपे जा चुके हैं। इसके बावजूद अधिकारी बैठक की तारीख नहीं दे रहे हैं। ऐसे में तारीख मिलने के घटनाक्रम से परेशान हो चुके पार्षदों ने अब कोर्ट जाने का विचार भी बना लिया है। पार्षद कुलवंत सवणा का कहना है कि हम कई बार डीसी, एडीसी एसडीएम से तारीख देने का आग्रह कर चुके हैं, लेकिन बात नहीं बन रही। सोमवार को एक बार फिर से डीसी के पास जाएंगे। तारीख दे दी गई तो ठीक नहीं तो मंगलवार को हाईकोर्ट में याचिका दायर कर देंगे।