- Hindi News
- स्कूल की गतिविधियों से दूर रखा जा रहा है शहीद का नाम, लोगों में रोष
स्कूल की गतिविधियों से दूर रखा जा रहा है शहीद का नाम, लोगों में रोष
सनियानागांव के शहीद मेहर सिंह राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में शहीद के नाम को पूरी तरह से शामिल करने को लेकर गांव के शहीद भगत सिंह युवा संगठन ने कड़ी आपत्ति जताई है। संगठन के मुताबिक स्कूल का नाम शहीद मेहर सिंह हुए छह माह से अधिक समय हो गया है, लेकिन स्कूल प्रशासन अभी तक उनके नाम को शामिल नहीं कर रहा है। इस तरह से शहीद का अपमान किया जा रहा है। संगठन ने चेतावनी दी है कि जल्दी ही स्कूल की सारी गतिविधियों, कार्यों, कागजी कार्रवाई में शहीद मेहर सिंह का नाम जोड़ा गया तो स्कूल के बाहर धरना दे देंगे।
शहीद भगत सिंह युवा संगठन के प्रधान फरियाद सिंह, सदस्य जगराज सिंह, रणजीत सिंह, अवतार सिंह आदि ने बताया कि 10 दिसंबर को सनियाना गांव के उक्त स्कूल में भारत विकास परिषद की ओर से स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया गया था। उसमें पाया गया था कि शिविर के प्रचार प्रसार आयोजन में शहीद मेहर सिंह का कहीं नाम नहीं था। इसे लेकर शहीद मेहर सिंह के परिजनों ने आपत्ति जताई थी। हालांकि इसे लेकर परिषद पदाधिकारियों ने गलती स्वीकार कर ली थी। इसके बाद शहीद भगत सिंह युवा संगठन ने स्कूल में जाकर देखा तो स्कूल की किसी भी गतिविधि में शहीद मेहर सिंह का नाम शामिल नहीं किया जा रहा है। स्कूल का मुख्य गेट पर ही शहीद का नाम लिखा है जोकि लोगों द्वारा अपने खर्चे पर बनाया गया था, लेकिन स्कूल से जुड़ी गतिविधियों, कागजी कार्रवाई, मोहरें, लेटर पैड आदि पर कहीं भी शहीद का नाम लिखा हुआ नहीं हैं। जबकि हरियाणा सरकार की ओर से 25 फरवरी 2014 को एक पत्र जारी कर उक्त स्कूल का नाम शहीद मेहर सिंह के नाम करने आदेश दिए थे। परंतु स्कूल प्रशासन ने इस ओर ध्यान नहीं दिया। कहीं भी शहीद का नाम दिखाई नहीं दे रहा है। इस बारे में अध्यापकों से पूछा गया तो उन्होंने काेई जवाब नहीं दिया वहीं स्कूल प्राचार्य भी कुछ नहीं बता रहे हैं।
संगठन पदाधिकारियों ने चेतावनी दी है कि जल्द ही स्कूल की गतिविधियों में शहीद मेहर सिंह का नाम पूर्ण रूप से जोड़ा नहीं गया तो स्कूल के गेट के आगे धरना देंगे, प्रदर्शन करेंगे।