अवैध खाद भरा कैंटर पकड़ा
{ पुलिस ने मौके पर पहुंच कब्जे में लिया
भास्करन्यूज | भट्टूकलां
अवैधरूप से यूरिया खाद ले जा रहे एक कैंटर को फतेहाबाद रोड पर कुछ किसानों ने पकड़ लिया। मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने जांच की तो किसानों के आरोप सही मिले। पुलिस ने मामले में को-ऑपरेटिव मार्केटिंग सोसायटी भट्टूकलां के मैनेजर सहित तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
यूरिया खाद की किल्लत के चलते किसान पहले से ही सतर्क थे और जैसे ही किसानों को उक्त अवैध सप्लाई के बारे में जानकारी मिली तो उन्होंने कैंटर को पकड़ लिया। किसानों के अनुसार भट्टूकलां के हैफेड गोदाम से कैंटर चालक 100 बैग यूरिया खाद लेकर भट्टूकलां से रतिया को जा रहा था। फतेहाबाद रोड पर नहर के पास कैंटर को रोक लिया गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे नायब तहसीलदार छेलूराम, थाना प्रभारी सुनील कुमार ने किसानों से मामले की जानकारी ली और चालक सहित कैंटर को थाने में ले आए। कैंटर चालक के पास यूरिया खाद से संबंधित किसी प्रकार के कागजात होने पर इसकी सूचना उप कृषि निदेशक को दी गई। उनकी शिकायत के आधार पर चालक रामशरण निवासी जलोपुर, दि को-ऑपरेटिव मार्केटिंग सोसायटी भट्टूकलां के मैनेजर शमशेर सिंह इन्द्र सिंह निवासी घासवा के खिलाफ पुलिस ने धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है। थाना प्रभारी सुनील ने बताया कि कैंटर चालक रामशरण के अनुसार इंद्रजीत ने उसे भट्टूकलां हैफेड से सोसायटी मैनेजर की मार्फत यूरिया खाद लेने भेजा। हैफेड में सोसायटी के नाम से 100 कट्टे यूरिया का गेट पास भी काटा गया। यह खाद सोसायटी में आकर फतेहाबाद रोड से होते हुए इंद्रजीत के बताए गांव में जा रही थी। किसानों के सतर्क होने के चलते कैंटर सहित चालक को गिरफ्तार कर लिया।
किसानों की सतर्कता से बनी बात
भट्टूकलां में पुलिस द्वारा काबू किया गया अवैध रूप से यूरिया खाद से भरा कैंटर।