पालसर और भिरड़ाना के युवकों के बीच मारपीट
फतेहाबादसे शेखुपुर सोत्तर जा रही बस में एक लड़के का हाथ लड़की से छू जाने को लेकर पालसर भिरड़ाना गांव के युवकों के बीच मारपीट हो गई। मामला तब और बिगड़ा जब मामले को लेकर गांव भिरड़ाना में दोनों पक्षों के बीच चल रही पंचायत में फिर से मारपीट शुरू हो गई। मौके पर पत्थरबाजी भी हुई जिसमें लड़के पक्ष का एक युवक घायल हो गया। घायल को फतेहाबाद के नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
उपचाराधीन पालसर निवासी संदीप ने आरोप लगाया कि बुधवार को वह बस से गांव जा रहा था। इस दौरान बस में उसके फोन की ईयर लीड नीचे गिर गई। लीड उठाते हुए अचानक बस सवार भिरड़ाना गांव की एक लड़की से उसका हाथ छू गया। आरोप है कि इस दौरान बस में ही सवार लड़की के गांव के कुछ युवकों ने उसके साथ मारपीट करनी शुरू कर दी। अपनी सफाई देने के बावजूद उसे पीटा गया।
गुरुवार सुबह अपने गांव पालसर के सरपंच के साथ उसके परिजन मारपीट करने वाले युवकों के परिजनों से बातचीत करने पहुंचे। आरोप है कि यहां दोनों गांवों के सरपंचों के सामने लड़की पक्ष के लोगों ने लड़के के पक्ष के लोगों के साथ मारपीट शुरू कर दी और पत्थरबाजी की।