पुलिस ने आतंकवादी घटना से निपटने की मॉक ड्रिल की
फतेहाबाद | लघुसचिवालय के द्वितीय खंड परिसर में एसपी ओपी नरवाल की अगुवाई में मॉक ड्रिल की गई। मॉक ड्रिल के तहत 3 आतंकवादियों को पुलिस बल कमांडो के जवानों ने मौके पर ही काबू किया। एक आतंकवादी को घायल हालत में उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। आतंकवादी हमले के कारण 5 नागरिक तथा 1-1 पुलिस जवान तथा कमांडो घायल हुआ और इनमें भी इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। डाॅ. जोगिन्द्र के नेतृत्व में डाक्टरों का एक दल मौके पर पहुंचा, जिन्होंने बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का उचित प्रबंध किया। इस दौरान सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए और अपने कार्यों के लिए आए हुए नागरिकों तथा अधिकारियों-कर्मचारियों को भवन से सुरक्षित बाहर निकाला गया। एसपी नरवाल ने बताया कि समय-समय पर विभाग द्वारा मॉक ड्रिल की जाती है|