- Hindi News
- किसान की जेब से डेढ़ लाख गायब याित्रयों को बस से उतार तलाशी ली
किसान की जेब से डेढ़ लाख गायब याित्रयों को बस से उतार तलाशी ली
भूथनखुर्दके एक किसान की जेब से डेढ़ लाख रुपये गायब होने का मामला सामने आया है। बुजुर्ग को रुपये गायब होने का पता फतेहाबाद से आदमपुर जाने वाली बस में बैठने के वक्त चला। रुपये गायब पाकर किसान ने तुरंत सूचना अपने परिजनों को दी और इसके बाद मामला थाने पहुंचा। आरोपी की तलाश में रतिया पुलिस ने सोमवार शाम फतेहाबाद से टोहाना जा रही अमरपुरा सोसाइटी की बस को फतेहाबाद रोड स्थित भोला पैट्रोल पंप के पास घेर लिया। पुलिस ने बस में सवार यात्रियों को बस से नीचे उतार और सभी यात्रियों की तलाशी ली गई। पूछताछ के लिए बुजुर्ग किसान से फतेहाबाद के बस स्टैंड पर मुलाकात करने वाले उसके गांव के ही एक व्यक्ति को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। भूथनखुर्द निवासी 75 वर्षीय श्योनाथ ने बताया कि सोमवार को वह भूथनखुर्द से डेढ़ लाख रुपये लेकर आदमपुर जा रहा था। उसने बताया कि डेढ़ लाख रुपये की राशि उसने आदमपुर स्थित अपनी आढ़त की दुकान पर देनी थी। श्योनाथ के अनुसार रुपये उसने अपने कमीज की दाईं साइड की जेब में डाले हुए थे। फतेहाबाद पहुंचने तक किसान ने अपने पास रुपये मौजूद होने की बात कही है। उसने बताया कि भूना मोड़ पर वह अपने बेटे से मिलकर बाद में ऑटो में सवार होकर नये बस स्टैंड पहुंचा। यहां से वह आदमपुर जाने वाली बस के लिए इंतजार कर रहा था। उसने बताया कि वह बस स्टैंड पर बैठकर जब संतरे खा रहा था तो इस दौरान के पास उसके गांव का ही एक व्यक्ति आया और प्लाट सौदों के संदर्भ में बातचीत करने लगा। किसान ने शक जताया है कि संतरे खाते वक्त उसका ध्यान भटकने का फायदा उठाते उसके रुपये वहीं गायब किए गए हैं। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
श्योनाथ
रतिया। भोला पेट्रोल पंप के पास डेढ़ लाख की चोरी मामले में शक के आधार पर यात्रियों से पूछताछ करते पुलिस कर्मचारी।