समर्थन में उतरे कई संगठन
मार्केट कमेटी के हटाए गए दमकल कर्मियों का विरोध जारी
सहयोग
मार्केट कमेटी के अग्निशमन प्रकोष्ठ में कार्यरत फायर कर्मचारियों को हटाए जाने के विरोध में अन्य कर्मचारी संगठनों से जुड़े कर्मचारी भी समर्थन में उतर आए हैं। हटाए गए कर्मचारियों की ओर से दिए जा रहा बेमियादी धरना तीसरे दिन शनिवार को भी जारी रहा।
मार्केट कमेटी कार्यालय के बाहर फायरमैन एंड ड्राइवर एसोसिएशन के बैनर तले धरना दे रहे कर्मचारियों को संबोधित करते हुए एसोसिएशन के जिला प्रधान नवदीप कुमार ने कहा कि हरियाणा सरकार के पत्र क्रमांक 52841-46 श्रम आयुक्त अौर मुख्यमंत्री हरियाणा के पत्र दिनांक 22 जनवरी 2011 17 जून 2010 के अनुसार सरकारी विभागों में कार्यरत अनुबंध आधार पर लगे कर्मचारियों को 25 जी की धारा के अनुसार हटाया नहीं जा सकता। लेकिन फतेहाबाद की मार्केट कमेटी के तहत अनुबंध आधार पर कार्यरत फायर कर्मचारियों को नौकरी से हटा दिया गया है।
हरियाणा सरकार के नियमों की उल्लंघन करते हुए इन नियमों की सरेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। नौकरियों में राजनीतिक हस्तक्षेप किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार एक तरफ तो पत्र जारी करती है कि तीन साल से अनुबंध आधार पर लगे कर्मचारियों को पक्का किया जाएगा परंतु स्थानीय प्रशासन ने सारी हदें पार करके कर्मचारियों को हटा दिया है और उन्हें भूखे मरने के लिए मजबूर कर दिया गया है।
धरने को सर्व कर्मचारी संघ के जिला प्रधान बेगराज, बिजली निगम कर्मचारी यूनियन के राज्य उपप्रधान भूप सिंह भड़ोलांवाली, अध्यापक संघ के राज्य कमेटी सदस्य राजपाल मित्ताथल, एआई वर्कर्स एसोसिएशन के गोपाल, जिला प्रधान मदन लाल गुर्जर, ब्लाॅक प्रधान सतबीर सिंह, नगरपालिका कर्मचारी संघ के राज्य उपप्रधान ब्रह्मपाल, नेपाल सिंह, शिव, राकेश, संदीप, नरेंद्र, विनोद सहित अनेक कर्मचारी नेताओं ने भी संबोधित करते हुए चेतावनी दी कि अगर इन कर्मचारियों को तुरंत बहाल नहीं किया गया तो इसके खिलाफ आंदोलन को ओर तेज किया जाएगा।