पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • 26 फरवरी से सत्याग्रह और जेल भरो आंदोलन शुरू करने का बिगुल बजाया

26 फरवरी से सत्याग्रह और जेल भरो आंदोलन शुरू करने का बिगुल बजाया

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भाजपा सरकार वादों पर खरा नहीं उतर रही : बेगराज

भास्करन्यूज | फतेहाबाद

हरियाणा सर्व कर्मचारी संघ अन्य संगठनों से जुड़े कर्मचारियों ने अपनी मांगों के समर्थन में 26 फरवरी से सत्याग्रह करने और जेल भरो आंदोलन शुरू करने का बिगुल शनिवार को बजा दिया। कर्मचारियों ने 33 केवी सबस्टेशन के प्रांगण में मीटिंग की।

मीटिंग की अध्यक्षता सर्व कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष बेगराज ने की। उन्होंने कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा सरकार अपने वादों पर खरा नहीं उतर रही है। सत्ता पर काबिज होने से पहले भाजपा नेताओं ने यह वादा किया था कि सभी तदर्थ कर्मचारियों को नियमित कर दिया जाएगा और पंजाब तर्ज पर वेतनमान दिया जाएगा लेकिन सत्तासीन होने पर भाजपा सरकार के वही नेता कर्मचारियों की मांगों को पूरा करने की बजाय वादाखिलाफी करने लगे हैं। इससे कर्मचारियों में रोष पनपना शुरू हो गया है। सरकार ने मार्केट कमेटी के अग्निशमन प्रकोष्ठ में अनुबंध आधार पर नियुक्त फायर कर्मचारियों को नौकरी से हटा दिया है। इससे वे कर्मचारी सड़कों पर गए और बेरोजगार होने से उनके परिवार का भरणपोषण होना कठिन हो गया है। वे कर्मचारी तीन दिनों से मार्केट कमेटी कार्यालय के बाहर बेमियादी धरना दिए हुए हैं लेकिन जिला प्रशासन का कोई भी अिधकारी उनकी सुध लेने की जहमत तक भी नहीं कर रहा। कर्मचारी नेता बेगराज ने चेतावनी देते हुए कहा कि कर्मचारियों ने अब अपनी मांगों को लेकर भाजपा सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद करने का निर्णय कर लिया है। उस निर्णय के तहत 26 फरवरी से सत्याग्रह और जेल भरो आंदोलन की शुरुआत की जाएगी।