सीएम विंडों पर मिली 47 शिकायतें निपटीं
प्रदेशसरकार द्वारा शुरू की गई सीएम विंडो ई-रजिस्ट्री प्रणाली से लोगों को काफी फायदा मिल रहा है। इससे जहां व्यवस्था में पारदर्शिता आई है वहीं लोगों को अपने काम करवाने के लिए इधर-उधर भटकना नहीं पड़ रहा है। यह बात उपायुक्त एनके सोलंकी ने लघु सचिवालय के बैठक में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कही। इस दौरान एसडीएम सतीश कुमार सिंगला, सीटीएम सुरेंद्र पाल डीएसपी विजय कक्कड़ भी मौजूद थे। उपायुक्त ने बताया कि 25 दिसंबर 2014 को शुरू की गई सीएम विंडो पर आई कुल शिकायतों में से 195 शिकायतें सीएम कार्यालय से मार्क होकर जिला को प्राप्त हुई है।
इनमें से 47 शिकायतों का निपटान कर दिया गया है जबकि 148 शिकायतों पर कार्यवाही जारी है। वहीं 3 फरवरी 2015 को शुरू की गई ई-रजिस्ट्री प्रणाली के तहत अब तक कुल 331 रजिस्ट्रियां हुई हैं। इनमें 40 रजिस्ट्रियां फतेहाबाद, 69 टोहाना, 67 रतिया, 15 भूना, 31 भट्टू कलां 9 रजिस्ट्रियां कुलां में हुई हैं। उन्होंने बताया कि गांव महमड़ा और हसंगा के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र विभाग को हैंड ओवर किए गए हैं और यहां स्वास्थ्य सेवाएं चालू हुई है। बीती 30 दिसंबर 2014 को मुख्यमंत्री मनोहर लाल द्वारा रतिया में 50 बिस्तरों का अस्पताल, हेपेटाईटिस-सी के उपचार तथा नशामुक्ति केंद्र की स्थापना की घोषणा हुई है जिस पर कार्यवाही शुरू कर दी गई है। अतिरिक्त नई अनाज मंडी के निर्माण के सवाल पर उन्होंने कि मंडी फतेहाबाद के प्रस्ताव स्वीकृति के लिए भेजे गए है जिस पर स्वीकृति मिलने पर शीघ्र कार्य शुरू होगा।
अतिरिक्त नई अनाज मंडी की चारदीवारी का कार्य पूर्ण हो चुका है। रोडवेज द्वारा हुडा के सेक्टर-5 में 12 एकड़ भूमि पर नया बस अड्डा बनाने और टोहाना में नया बस अड्डा बनाने की घोषणा पर भी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। बिजली विभाग द्वारा दरियापुर में 33 केवी स्टेशन की पावर क्षमता 8 एमवाईए से बढ़ाकर 10 एमवाईए की गई है जिस पर 50 लाख रुपये की राशि खर्च हुई है। टोहाना में हिसार-रतिया को जोड़ते हुए बाईपास की घोषणा माननीय मुख्यमंत्री द्वारा की गई है।
पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए डीसी एनके सोलंकी।