- Hindi News
- बीघड़ में अध्यापकों की कमी पर गुस्साई छात्राओं ने स्कूल गेट पर दिया धरना
बीघड़ में अध्यापकों की कमी पर गुस्साई छात्राओं ने स्कूल गेट पर दिया धरना
गांवबीघड़ के राजकीय उच्च विद्यालय की साइंस टीचर प्रोमिला का विभाग द्वारा तबादला किए जाने से खफा स्कूल की छात्राओं ने पढ़ाई छोड़ दी। सभी छात्राओं ने कक्षाओं का बहिष्कार कर स्कूल के मुख्य गेट के आगे धरना दिया और गेट पर ताला जड़ दिया। स्कूल में छात्राओं के हंगामे की सूचना पाकर गांव के सरपंच राजकुमार कटारिया मौके पर पहुंचे और स्कूल मुखिया रामकिशोर से बात की। स्कूल मुखिया सरपंच ने बाद में विभाग के अधिकारियों से टीचर का तबादला रद करने की मांग की। बीईओ कुलदीप सिंह की और से साइंस टीचर का तबादला रद करने का आश्वासन दिया गया है।
स्कूल के मुखिया रामकिशोर ने बताया कि 15 टीचरों की स्कूल में जरूरत है जबकि अब केवल 10 टीचर ही यहां मौजूद हैं। उन्होंने बताया कि स्कूल में पहले दो साइंस टीचर थीं और उनमें से पहले ही एक टीचर प्रेमलता का तबादला किया जा चुका है। स्कूल मुखिया ने बताया कि स्कूल में एक साइंस टीचर प्रोमिला थीं उनका भी अब विभाग ने तबादला कर दिया। ऐसे में स्कूल में साइंस टीचर नहीं है। इसके अलावा गणित, संस्कृति, पंजाबी के टीचर भी स्कूल में नहीं है। स्कूल में टीचर ना होने से बच्चों की पढ़ाई काफी प्रभावित हो रही है। मंगलवार को जब स्कूल की छात्राओं को पता चला कि साइंस टीचर नहीं आएंगी और उनका तबादला हो चुका है तो सभी छात्राएं स्कूल के गेट पर धरना देकर बैठ गईं। सूचना मिलने पर सरपंच मौके पर पहुंचे और उन्होंने बीईओ से बात की। सरपंच के अनुसार बीईओ की ओर से आश्वासन दिया गया है कि साइंस टीचर का तबादला रद कर दिया जाएगा।
गांव बीघड़ के राजकीय कन्या हाई स्कूल का गेट बंद कर नारेबाजी करती छात्राएं।