मदर ग्रुप करेगा 24 को प्रदर्शन
आंगनबाड़ीमदर ग्रुप समिति से जुड़ी महिलाओं की मांगों बारे प्रशासन द्वारा कोई सुध लेने से इन महिलाओं में काफी रोष है। आंगनवाड़ी मदर ग्रुप समिति फतेहाबाद की जिला संयोजक अंगूरी धांगड़ के नेतृत्व में ग्रुप की महिलाओं का प्रतिनिधिमंडल आज एडीसी यश गर्ग से मिला और ज्ञापन सौंपा।
ग्रुप महिलाओं ने कहा कि यदि उनकी समस्याओं का अब भी समाधान नहीं किया गया तो वे 24 दिसम्बर को जिला स्तरीय विरोध प्रदर्शन करेंगे। इस अवसर पर सीटू जिला सचिव रमेश जांडली के अलावा गांव धांगड़, बड़ोपल, धारनियां, चिंदड़, झलनियां, बरसीन, जांडली सहित अनेक गांवों की महिलाओं ने भाग लिया। एडीसी को सौंपे ज्ञापन में इन महिलाओं ने कहा कि उन्हें पिछले 8 माह से मानदेय का भुगतान नहीं किया गया है जिससे इन महिलाओं में काफी रोष है। आंगनबाड़ी मदर ग्रुप की कृष्णा, राजेश देवी, तृप्ता देवी, अंगूरी, शीला देवी, राजबाला आदि ने कहा है कि वे अति गरीब, बेसहारा परिवारों से संबंध रखती है। सरकार द्वारा आंगनबाड़ी केन्द्रों में दिए जा रहे अल्प आहार को कड़ी मेहनत से वे तैयार करती हैं परंतु हमें मेहनताना पूरा नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले कई महीनों से उन्हें खाना बनाने के लिए दिया जाने वाला मेहनताना भी नहीं दिया गया है। आंगनबाड़ी मदर ग्रुप समिति ने ज्ञापन में बकाया मानदेय का तुरंत भुगतान करने, 3 रुपये प्रति बच्चा मेहनताना सरकार द्वारा घोषित 1.60 पैसे तुरंत लागू करने, ईंधन, सब्जी आटा पिसाई की राशि अलग से देनेकी मांग की है।
अधिकारियों से मिलने आई आंगनबाड़ी केंद्र की मदर ग्रुप की सदस्य।