- Hindi News
- संजय गांधी चौक में रोकनी पड़ती हैं बसेें
संजय गांधी चौक में रोकनी पड़ती हैं बसेें
हरियाणारोडवेज निजी बसों के चालकों परिचालकों ने प्रशासन से बाइपास से बसें गुजारने की अनुमति देने की मांग की है। मजबूरी में चालकों को अपनी बसें संजय गांधी चौक में रोकनी पड़ती हैं। यदि बाइपास से बसें निकलती शुरू होती हैं तो इससे नए बस स्टैंड को भी फायदा होगा। सभी बसें बस स्टैंड से होकर निकलने लगेंगी, लेकिन अब बसें संजय गांधी चौक से ही टोहाना, फतेहाबाद, सरदूलगढ़ अन्य रूटों को निकल जाती हैं।
चालक बलजिंद्र, अमरीक, राजेंद्र, विनोद और सुखबीर का कहना है कि रतिया से फतेहाबाद, टोहाना जाने वाली कुछ बसें शहर के बीच में से निकलती हैं, जिससे उन्हें नुकसान होता है। रास्ते में काफी सवारियां होती हैं। यदि सभी बसें बाइपास से निकलेंगी तो इससे रोडवेज को भी फायदा होगा। चालक ने कहा कि सभी बसों को बाइपास से गुजारा जाए ताकि बसों को संजय गांधी चौक में ना रोकना पड़े। इससे एक तो जाम की स्थिति पैदा होती है, दूसरा रतिया से बुढलाडा, बरेटा,सरदारेवाला, पिलछियां जाने वाले यात्रियों को नए बस स्टैंड तक पैदल जाना पड़ता है। ऐसे में उन्हें बस स्टैंड से रिक्शा लेना पड़ता है, जिस पर उनका पैसा और समय बर्बाद होता है। टोहाना कि ओर से आने वाली बसें तो बाइपास से होकर जाती हैं लेकिन जाने वाली बसें शहर के बीच से निकलने के कारण बार बार जाम लग जाता है।