10 मेंबरी कमेटी करेगी विवाद को शांत
गांवझलनियां में बांवरिया समुदाय के परिवार द्वारा बकरा काटने को लेकर पनपे विवाद को शांत करवाने के लिए बुधवार को गांव के शिव मंदिर में पंचायत हुई। गांव में बांवरिया बिश्नोई समाज के सदस्यों सहित 10 मेंबरी कमेटी गठित की गई और कमेटी में विवाद को शांत करने पर जोर दिया गया। गांव के सरपंच संतलाल ओड के अनुसार कमेटी के सदस्यों की बातचीत में मामला नहीं निपट पाया और देर शाम बिश्नोई समाज ने बिश्नोई मंदिर में दोबारा पंचायत बुलाई है।
बांवरिया समाज के लोगों ने कमेटी के सामने कहा है कि वे अपने पूर्वजों के रीति-रिवाज नहीं तोड़ सकते जबकि गांव के लोगों का कहना है कि जीव हत्या किसी कीमत पर गांव में नहीं होने दी जाएगी। सरपंच के अनुसार गांव में विवाद बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं और ऐसे में यदि विवाद शांत नहीं होता है तो पंचायत की ओर से प्रशासनिक अधिकारियों से हस्तक्षेप की मांग की जाएगी।
गौरतलब है कि अपने घर में पोता होने की खुशी में गांव झलनिया में बांवरिया समाज के जसवंत सिंह ने दावत में बकरा काटा तो गांव में बिश्नोई समाज ने हंगामा कर दिया। बांवरियां समाज बिश्नोई समाज के लोगों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि नौबत मारपीट तक पहुंच गई थी।