- Hindi News
- प्राथमिक विद्यालय क्रीड़ा प्रतियोगिता 21 से
प्राथमिक विद्यालय क्रीड़ा प्रतियोगिता 21 से
हरियाणामौलिक शिक्षा के निदेशक के आदेशानुसार 28वीं हरियाणा राज्य प्राथमिक विद्यालय क्रीड़ा प्रतियोगिता का समापन चुनाव से पहले किया जाएगा। प्रतियोगिता का आयोजन क्लस्टर, खंड और जिला स्तर पर नियमानुसार किया जाएगा। प्रतियोगिता का प्रत्येक स्तर पर आयोजन अनिवार्य है।
जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी डॉ. यज्ञ दत्त वर्मा ने बताया कि 21 सितंबर को क्लस्टर स्तर पर और 26 27 सितंबर को खंड स्तर पर खेल प्रतियोगिता होगी। प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रधान विकास टूटेजा ने बताया कि पहले दिन मैदानी खेल प्रतियोगिताएं होंगी जबकि दूसरे दिन इंडोर गेम्स और सांस्कृतिक प्रतियोगिता होगी। इन प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले बच्चों का जन्म 1 नवंबर 2003 से पहले नहीं होना चाहिए।
प्रतियोगिता में 100, 200, 400 मीटर दौड़ के अलावा ऊंची कूद, लंबी कूद, गोला फेंक, रस्साकसी, कबड्डी और खो-खो शामिल हैं। इंडोर गेम्स में योगा, जिम्नास्टिक, कुश्ती, कैरम बोर्ड शतरंज प्रतियोगिताएं होंगी जबकि सांस्कृतिक प्रतियोगिता के तहत एकल नृत्य, समूह नृत्य, मोनो एक्टिंग, एकल गान (रागनी), समूह गान, फैंसी ड्रैस और स्पॉट पेंटिंग को शामिल किया गया है। उन्होंने बताया कि सभी प्रतिभागियों की समरी शीट प्रतियोगिता से पहले क्लस्टर स्तर पर और खंड स्तर पर खेल आयोजक को जमा करवानी होगी।