- Hindi News
- रैली, होर्डिंग पोस्टर के लिए जगह निर्धारित
रैली, होर्डिंग पोस्टर के लिए जगह निर्धारित
विधानसभाचुनाव को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने शहर में उन जगहों को निर्धारित कर दिया है जहां पर रैली, जनसभा की जा सकती है और होर्डिंग पोस्टर लगाए जा सकेंगे। लेकिन इनके लिए पहले अनुमति भी लेनी जरूरी होगी। फतेहाबाद विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचन पंजीयन अधिकारी एसडीएम सतबीर जांघू ने बताया कि शहर में मार्केट कमेटी शेड, अनाज मंडी शेड, सब्जी मंडी शेड, लघु सचिवालय के सामने हुडा मैदान में बड़ी रैलियां की जा सकेंगी।
इनके अलावा नगर परिषद के तहत जवाहर चौक, पालिका बाजार, गोपीराम धर्मशाला, वाल्मिकी चौक, जगजीवनपुरा चौक, नागपाल चौक, माजरा रोड, खेमा खाती चौक, शास्त्री चौक, तहसील चौक और मेन अग्रवाल कॉलोनी में नुक्कड़ सभाएं की जा सकेंगी।
जांघू ने बताया कि चुनावी होर्डिंग्स और पोस्टर लगाने के लिए भी स्थान निर्धारित किए गए हैं। वार्ड नंबर 11 और 20 में फव्वारा चौक, वार्ड 9, 10 और 3 में जवाहर चौक में, वार्ड 6 और 7 के लाजपत पार्क में, वार्ड 4 और 6 के खेमा खाती चौक रोड पर, वार्ड नंबर 4 के माजरा रोड चौक में और वार्ड नंबर 3 के शास्त्री चौक तहसील चौक में, वार्ड नंबर 2 की गोपीराम धर्मशाला तुलसीदास चौक में, वार्ड नंबर 1 और 20 के वाल्मिकी चौक में और वार्ड 19 के पपीहा पार्क चौक के अलावा वार्ड नंबर 14 के जगजीवनपुरा चौक में होर्डिंग्स पोस्टर लगाए जा सकते हैं।