- Hindi News
- फतेहाबाद को छोड़ रतिया में करूंगा प्रचार: गोदारा
फतेहाबाद को छोड़ रतिया में करूंगा प्रचार: गोदारा
पूर्वगृहमंत्री मनी राम गोदारा के पौत्र भाजपा टिकट के दावेदारों में से एक सुधीर गोदारा ने पूर्व विधायक स्वतंत्र चौधरी को भाजपा की टिकट मिलने पर नाराजगी जताई है। सुधीर ने रविवार को अनाज मंडी स्थित अपने कार्यालय में पत्रकार वार्ता में कहा है कि नाराजगी किसी तरह का विरोध करके नहीं जताई जाएगी। पार्टी ने मुझ पर विश्वास नहीं किया, इसका दुख जरूर है।
मैने पार्टी में शामिल होने के बाद दो महीने में खूब मेहनत कर प्रचार किया। मुझे उसका फल नहीं मिला। मुझे शामिल करते समय आश्वासन दिया गया था, धोखा जरूर हुआ है, लेकिन मैं पार्टी के साथ धोखेबाजी नहीं करूंगा। पार्टी के लिए काम करता रहूंगा।
स्वतंत्र चौधरी के समर्थन में वोट मांगने के सवाल पर गोदारा ने गोलमोल जवाब देते हुए कहा कि मैने फतेहाबाद में भाजपा का खूब प्रचार कर लिया है। अब मेरी इच्छा है कि मैं रतिया में जाकर प्रचार करूं। वहीं दूसरी ओर शनिवार रात जैसे ही स्वतंत्र चौधरी को टिकट दिए जाने की घोषणा हुई, डॉ. विरेंद्र सिवाच के कार्यालय से भाजपा के बैनर आदि उतर गए।