बाहर से ही निकल जाती हैं बसें
हरियाणारोडवेज की ज्यादातर बसें बस स्टैंड के भीतर जाती ही नहीं। इन बसों के चालक बसों को बस स्टैंड के बाहर से सवारी लेकर चले जाते हैं। एेसे में कई यात्री बस स्टैंड के भीतर ही बस का इंतजार करते रह जाते हैं। इससे यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं इन यात्रियों काे थक हारकर अन्य वाहनों के जरिए गंतव्य तक पहुंचना पड़ता है। हालांकि दो साल पहले तत्कालीन एसडीएम केएम पांडुरंग के आदेशों पर निजी सरकारी बसें बस स्टैंड पर जाने लगी थी। लेकिन एसडीएम के तबादले के बाद अधिकांश बसों का आवागमन संजय गांधी चौक तक ही होने लगा है।
इस व्यवस्था से परेशान यात्री रमेश कुमार, दिलबाग सिंह, करनैल सिंह, अमरजीत कौर, जसपाल कौर, सुमन रानी, सुनीता ने बताया कि बस चालक बस को संजय गांधी चौक से ही वापस ले जाते हैं। ऐसे में उन्हें नये बस स्टैंड पर जाने के लिए रिक्शे का किराया भरकर जाना पड़ता है। वहीं पंजाब की ओर से आने वाले यात्रियों को फतेहाबाद, टोहाना, सरदूलगढ़ आदि जाने के लिए नये बस स्टैंड से पुराना बस स्टैंड तक पहुंचने के लिए 10 से 15 रुपये रिक्शा पर खर्च करने पड़ते हैं।
निजी बसों ने भी रूटीन बदला
टोहाना से फतेहाबाद जाने वाली अधिकांश बसें नये बस स्टैंड की बजाए फतेहाबाद की ओर निकल जाती हैं। यही हाल फतेहाबाद से टोहाना जाने वाली बसों का है। इसके अतिरिक्त सरदूलगढ़ ग्रामीण क्षेत्रों को जाने वाली निजी बसें भी बस स्टैंड की बजाए अस्थाई बस स्टैंडों से ही होकर निकल जाती हैं। हालांकि सरकार द्वारा लाखों रुपये की लागत से नया बस स्टैंड बनाया हुआ है।