पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • सौर ऊर्जा उपकरणों पर लाखों का अनुदान

सौर ऊर्जा उपकरणों पर लाखों का अनुदान

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
बिजलीप्राप्त करने के लिए सौर ऊर्जा उपकरणों का इस्तेमाल दिन-प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है। सरकार भी इन उपकरणों पर अनुदान देकर इन्हें बढ़ावा दे रही है जिससे जिले में थोड़े ही दिनों में अनुदान पर सौर ऊर्जा उपकरण प्राप्त करने वालों की संख्या में उल्लेखनीय इजाफा हुआ है।

एडीसी एवं अक्षय ऊर्जा विभाग के मुख्य परियोजना अधिकारी राजेश जोगपाल ने बताया कि फतेहाबाद जिले में पिछले तीन महीने में सौर ऊर्जा उपकरणों की ओर लोगों का रुझान तेजी से बढ़ा है। प्रदेश सरकार द्वारा दी जा रही सब्सिडी की आकर्षक योजनाएं लोगों को इस ओर आकर्षित कर रही है। उन्होंने बताया कि जिले में इंदिरा आवास धारकों के 52 घरों में एलईडी आधारित सौलर घरेलू प्रकाशीय संयंत्र स्थापित करने पर 3,61,088 रुपये का अनुदान लाभार्थियों को दिया गया है। इसमें लगने वाले प्रत्येक संयंत्र पर 8,400 रुपये की लागत आती है जिसमें से 5,000 रुपये हरियाणा सरकार और 1,944 रुपये भारत सरकार द्वारा अनुदान दिया जा रहा है। लाभार्थी को केवल 1,456 रुपये ही देने पड़ते हैं।

उधर, सामान्य श्रेणी के 150 घरों में सरकार द्वारा 6 लाख रुपये का अनुदान देते हुए सीएफएल आधारित घरेलू प्रकाशीय संयंत्र स्थापित करवाए गए हैं। इनमें प्रत्येक संयंत्र की लागत 9,500 रुपये है जिसमें से 4,000 रुपये हरियाणा सरकार द्वारा प्रदान किए जा रहे हैं। आवेदक को केवल 5,500 रुपये ही वहन करने पड़ते हैं।

जिले में 7 परिवारों में 1500 एलपीडी के सौलर जल तापक स्थापित करवाए गए हैं जिन पर कुल 36,000 रुपये का अनुदान प्रदान किया गया है। इसी प्रकार 2 संस्थागत बायोगैस संयंत्रों की स्थापना करवाने पर कुल 6,66,267 रुपये की अनुदान राशि जारी की गई है। लोगों को पारंपरिक स्रोतों से हटकर गैर परंपरागत स्रोतों से बिजली प्राप्त करने की ओर अधिक ध्यान देना चाहिए क्योंकि अनुदान के बाद एक तो यह सस्ती पड़ती है और यह अधिक स्थाई सुरक्षित भी होती है। ये संयंत्र सूर्य के ताप से बिजली बनाते हैं जिससे घरों में प्रकाश पानी आदि गर्म करने के कार्य आसानी से किए जा सकते हैं।

सरकार द्वारा अनुदान में शािमल सौलर सिस्टम।