युवक पर हिसार में कैंची से हमला
भास्कर न्यूज | हिसार/फतेहाबाद
पॉलीटेक्निककॉलेज के छात्र विक्की पर दो युवकों ने हमला कर उससे नकदी और मोबाइल लूट लिया। रविवार देर रात विक्की जब नागोरी गेट स्थित गुरुद्वारा मोड़ पर बस स्टैंड की तरफ जा रहा था तो लुटेरों ने उसे घेरकर लूटपाट की। वहीं, पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए रामपुरा मोहल्ले के मनोज और उदयपुरिया मोहल्ले के भारत उर्फ मन्नू को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने दाेनों को सोमवार को कोर्ट में पेश किया जहां से उन्हें एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।
फतेहाबाद के अशोक नगर का विक्की झज्जर स्थित एक सरकारी पॉलीटेक्निक कॉलेज में पढ़ाई कर रहा है। वह रविवार को गुड़गांव में माता शीतला देवी मंदिर में धौक मारकर घर रहा था। जब वह रेवाड़ी से ट्रेन में रात करीब 12 बजे हिसार रेलवे स्टेशन पर पहुंचा। फतेहाबाद की बस पकड़ने के लिए विक्की पैदल ही बस स्टैंड की तरफ चल दिया। इसी बीच जब वह नागोरी गेट स्थित गुरुद्वारा मोड़ पर पहुंचा तो अचानक पीछे से आए दो युवकों ने उसे रोक लिया। इस पर विक्की ने रोकने का कारण पूछा तो एक आरोपी ने विक्की को थप्पड़ जड़ दिया। विक्की ने बताया कि थप्पड़ मारने के बाद दूसरे आरोपी ने उसके पेट पर कैंची से वार करने का प्रयास किया, लेकिन विक्की ने उसका हाथ पकड़ लिया। इस लुटेरों और विक्की के बीच करीब 2 मिनट तक हाथापाई हुई। विक्की ने बताया कि हाथापाई के बीच पीछे से एक युवक ने उसकी गर्दन पकड़ ली और सामने से दूसरे आरोपी ने उसके घुटने में कैंची से वार कर दिया। कैंची लगने के बाद विक्की नीचे गिर गया। इस पर एक आरोपी ने उसकी गर्दन पर कैंची रखकर उसकी जेब से करीब 500 रुपये की नकदी और मोबाइल निकाल लिया। वारदात के बाद आरोपी मौके से भाग गए। विक्की ने बताया कि पैर से खून निकलने पर वह सड़क पर पहुंचकर कई वाहनों को रोकने के लिए हाथ दिया, लेकिन कोई राहगीर उसकी मदद के लिए नहीं रुका।
नागाेरीगेट पर भी नहीं मिले पुलिसकर्मी
वारदातके बाद विक्की जख्मी हालत में नागोरी गेट पर पहुंचा, लेकिन यहां भी उसे कोई पुलिस कर्मी गश्त करता नजर नहीं आया। जबकि यहां आमतौर पर पुलिस गश्त करने का दावा करती रहती है। इस पर वह दौड़ते हुए बस स्टैंड पहुंचा। यहां ड्यूटी पर खड़े पुलिस कर्मियों को विक्की ने वारदात की जानकारी दी। बाद में पुलिस कर्मी विक्की को लेकर वारदात स्थल पर घूमे, लेकिन कोई नजर नहीं आया। आरोपियों को काफी तलाश करने के बाद पुलिस ने विक्की का उपचार कराया।
आरोपीअाए गिरफ्त में
वहीं,पुलिस ने गश्त करते हुए आरोपियों को डोगरान मोहल्ला क्षेत्र से गिरफ्तार किया। पुलिस ने पकड़े गए आरोपी मनोज और भारत से लूटा हुआ सामान बरामद किया है। साथ ही वारदात में इस्तेमाल हथियार भी बरामद किया है। अब पुलिस अन्य वारदात के संबंध में दोनाें से पूछताछ कर रही है।