मुआवजा मांगने वालों ने की हड़ताल
कोर्टद्वारा घोषित मुआवजा राशि को बढ़ाने के लिए सेक्टर 9,10,11 11ए के धरनारत जमीन मालिकों ने सोमवार को लघु सचिवालय के सामने धरने के दौरान भूख हड़ताल की। यह अनिश्चतकालीन हड़ताल होगी। पांच लोग भूख हड़ताल पर बैठे। इनमें कृष्ण चंद, डॉ. महेंद्र मताना, यश कुमार, बगड़ावत सिंह आदि शामिल हैं। प्रदर्शन की अगुवाई कर रहे सुरेंद्र सैनी ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि हुडा विभाग द्वारा अधिग्रहण की गई सेक्टर 9,10,11 11ए की 750 एकड़ जमीन के मालिकों के साथ ज्यादती की जा रही है तथा कोर्ट कानून की धज्जियां उड़ाई जा रही है। जबकि इसके खिलाफ पिछले कई दिनों से लघु सचिवालय के सामने धरने पर बैठे किसानों की प्रशासन ने कोई सुध नहीं ली। अधिकारियों की नींद तोड़ने के लिए हम लोगों ने अपना आंदोलन तेज किया है। इसके तहत भूख हड़ताल शुरू की गई है।
किसानों को प्रशासन से सहयोग की उम्मीद थी, लेकिन प्रशासन हुडा विभाग के साथ मिल गया है और उनकी एक नहीं सुन रहा। उन्होंने कहा कि हुडा के प्रशासक द्वारा धरनारत किसानों को मुआवजा दिए जाने का आश्वासन दिया गया था, जिस पर किसानों ने हुडा सेक्टरों में जारी काम को शुरू होने दिया था, लेकिन अब हुडा विभाग किसानों के साथ किए गए अपने वायदे को पूरा करना तो दूर किसानों की सुध लेने नहीं रहा। उन्होंने कहा कि अब किसान अपने हक को हासिल करने के लिए किसी भी हद तक जाने को तैयार है। यदि अब भी हुडा प्रशासन नहीं माना तो किसान सेक्टरों में हुए निर्माण कार्य को उखाड़ फेंकेंगे और अपनी जमीनों पर कब्जा कर फसलों की बिजाई करेंगे। जगदीश नायक, राजेश गोदारा, मास्टर रण सिंह आदि ने धमकी देते हुए कहा है कि उनका आंदोलन न्याय मिलने तक जारी रहेगा।
आज हुडा प्रशासक का पुतला फूंकेंगे किसान
किसानोंने बताया कि पिछले कई दिनों हुडा अधिकारियों से झूठे आश्वासन दिए जा रहे हैं। इससे किसानों में रोष है। इसे लेकर अब निर्णय लिया गया है कि आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इसके तहत मंगलवार सुबह 11 बजे किसान हुडा प्रशासक की शव यात्रा निकाल कर पुतला फूंकेंगे।
लघु सचिवालय के समक्ष आयोजित धरने में भूख हड़ताल पर बैठे सेक्टर 9, 10 11 के लिए जमीन देने वाले किसान और उनको समर्थन देते हुए संत गोपालदास।