- Hindi News
- शहर में बिछवाएंगे महानगरों जैसी सीवरेज लाइन: बलवान
शहर में बिछवाएंगे महानगरों जैसी सीवरेज लाइन: बलवान
इनेलोप्रत्याशी बलवान दौलतपुरिया ने कहा कि विधानसभा चुनाव उपरांत बड़े जनसमर्थन से प्रदेश में इनेलो सरकार बनना तय है। प्रदेश में इनेलो के सत्तासीन होने पर केवल हर गांव की मूलभूत समस्याओं का सर्वे करवाकर हल करवाया जाएगा, बल्कि शहरी क्षेत्र की सबसे बड़ी समस्या पुरानी सीवरेज लाइन को भी महानगरों जैसी सीवरेज लाइन बिछवाकर हल करने की सार्थक पहल करके जनता को राहत प्रदान की जाएगी।
वे शक्ति नगर में नुक्कड़ सभा को संबोधित कर रहे थे। इससे पहले उन्होंने गांव धांगड़, बड़ोपल, चिंदड़, ढींगसरा, ठुइयां आदि दर्जनों गांवों में भी ग्रामीणों से संपर्क किया। शहर के मुद्दों पर बोलते हुए दौलतपुरिया ने कहा कि प्रदेश की हुड्डा सरकार ने विकास के मामले में फतेहाबाद क्षेत्र को यदि कुछ दिया है तो वह केवल मात्र झूठी घोषणाओं का झुनझुना है। दस साल तक सीएम हुड्डा, सीपीएस गिल्लांखेड़ा अन्य स्थानीय नुमांइदे फतेहाबाद क्षेत्र को विकास की नई बुलंदियां देने के दावे करते रहे।
लेकिन सरकार का दस बरसा का लंबा कार्यकाल बीत जाने के बावजूद भी स्थानीय विधायक गिल्लांखेड़ा के पास जनता के जहन में चल रहे ठप सीवरेज लाइन व्यवस्था, 100 बिस्तर का सामान्य अस्पताल, चिल्ली झील, सरकारी कॉलेज जैसे मुद्दे के जवाब नहीं हैं। शहर का जवाहर चौक, थाना रोड, सामान्य अस्पताल क्षेत्र जैसी अनेक जगह आज भी थोड़ी सी बरसात के बाद सीवरेज लाइन के गंदे पानी से लबरेज हो जाती है। चिल्ली झील का सीएम से शिलान्यास करवाने बावजूद इसे केवल मात्र लोस चुनाव में कांग्रेस को मिली हार की द्वेष भावना के चलते ठंडे बस्ते में डाल दिया गया।
इनेलो प्रत्याशी बलवान दौलतपुरिया का स्वागत करते लोग।