- Hindi News
- बड़ी में चोरी का डीजल अवैध रूप से बेचने वाला पकड़ा
बड़ी में चोरी का डीजल अवैध रूप से बेचने वाला पकड़ा
जीटीरोड के साथ बड़ी गांव के संतोष ढाबे के पीछे लक्ष्मी हाऊस में अवैध रूप से डीजल बेच रहे एक व्यक्ति को पुलिस खाद्य आपूर्ति विभाग की टीम ने काबू किया है। इसके पास दो खाली ड्रम, 550 लीटर डीजल से भरे तीन ड्रम एक कीप, तेल निकालने का एक पाइप बरामद किया है।
गिरफ्तार आरोपी गांव जलालपुर, पानीपत निवासी बलबीर है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी आवश्यक सेवा वस्तु अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस प्रवक्ता जगजीत सिंह ने बताया कि गन्नौर थाना प्रभारी अनिल कुमार को सूचना मिली कि बड़ी के पास एक व्यक्ति डीजल का अवैध कारोबार कर रहा है। उन्होंने मामले की सूचना खाद्य आपूर्ति नियंत्रक विभाग को दी। जिसके बाद पुलिस खाद्य आपूर्ति नियंत्रक विभाग की संयुक्त टीम का गठन किया गया। जिसमें खाद्य आपूर्ति नियंत्रक विभाग के निरीक्षक नरेंद्र सिंह, निरीक्षक नवीन पालीवाल को शामिल किया गया। पुलिस खाद्य आपूर्ति विभाग की टीम ने सोमवार रात करीब नौ बजे गांव बड़ी स्थित लक्ष्मी हाउस से बलबीर को काबू कर उसके पास से साढ़े पांच सौ लीटर डीजल बरामद किया। आरोपी ने बताया कि वह डीजल को अवैध रूप से बेचता था। पुलिस ने निरीक्षक नरेंद्र सिंह की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी आवश्यक सेवा वस्तु अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
बलबीर ने पुलिस को बताया कि वह डीजल को खरीदकर लाने के बाद उसमें मिलावट कर देता था। जिसे आगे बेच देता था। वह एक लीटर डीजल बेचकर पांच रुपए कमाता था। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। एसएचओ अनिल कुमार ने बताया कि पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि अवैध रूप से डीजल की बिक्री की जा रही है। जिस पर छापामार कार्रवाई कर आरोपी को काबू कर लिया है।