- Hindi News
- नप ने दुकानदारों को दिया अतिक्रमण हटाने के लिए नोटिस
नप ने दुकानदारों को दिया अतिक्रमण हटाने के लिए नोटिस
नगरपरिषद ने पुरानी अनाज मंडी क्षेत्र में 40 दुकानदारों को नोटिस दिए हैं जिसमें नप ने दुकानों के आगे बने चबूतरे को तोड़ने के निर्देश दिए हैं। दुकानदारों को रविवार तक का समय दिया गया है। यदि कोई दुकानदार स्वयं अवैध निर्माण को नहीं हटाता है तो नप द्वारा जेसीबी की मदद से अवैध निर्माण को हटा दिया जाएगा। नगर परिषद ने इस कार्रवाई को करने के लिए पुलिस अधिकारियों से फोर्स की मांग की है।
पुरानी अनाज मंडी क्षेत्र में कुछ दुकानदारों ने दुकानों के आगे अवैध रूप से निर्माण किया हुआ है। इससे सड़क की चौड़ाई कम हो गई। जिसकी वजह से सड़क पर जाम की स्थिति बनी रहती है। जाम में फंसने वाले वाहन चालकों को परेशानी झेलनी पड़ती है। लोगों को इस समस्या से निजात दिलाने के लिए नगर परिषद द्वारा अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया हुआ है। इस सप्ताह में नप द्वारा दो दिन फुटपाथ पर रखे सामान को जब्त करने की कार्रवाई की गई है। इस दौरान कर्मचारियों को दुकानदारों का काफी विरोध का सामना करना पड़ा। नगर परिषद का कहना है कि जिन 40 दुकानदारों को अवैध निर्माण तोड़ने का नोटिस दिया है, यदि उन्होंने स्वयं ही अवैध निर्माण नहीं हटाए तो नप हटाएगा।
फिर से सामान रखने पर नप करेगा कानूनी कार्रवाई
नपद्वारा फुटपाथ खाली कराने के लिए सामान जब्त करने की कार्रवाई की गई थी, लेकिन इसके बाद भी कुछ दुकानदार फुटपाथ पर सामान रख रहे हैं। ऐसे दुकानदारों से नप ने सख्ती से निपटने का निर्णय लिया है। इन दुकानदारों का सामान जब्त करने के अलावा जुर्माना और कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। निरीक्षण के लिए एक टीम भी गठित कर दी है।
^40 दुकानदारों को नोटिस जारी किया गया है। इसके बाद भी यदि दुकानदार अतिक्रमण को स्वयं नहीं हटाते हैं तो नप द्वारा जेसीबी की मदद से अतिक्रमण को हटा दिया जाएगा। वहीं जो दुकानदार कार्रवाई के बाद भी बार-बार फुटपाथ पर सामान रखकर अतिक्रमण करता है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। नप द्वारा जुर्माना लगाने के साथ-साथ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पवित्रगुलिया, सचिव,नप, गोहाना