बसों पर तैनात होंगी महिला गार्ड : पंवार
संतगुरू रविदास का जन्मोत्सव 21 फरवरी को रोहतक में आयोजित किया जाएगा। समारोह में पहुंचने का लोगों को निमंत्रण देने के लिए गुरुवार को परिवहन मंत्री कृष्ण पवार गोहाना पहुंचे। टीटू धर्मशाला में आयोजित बैठक में स्टेज पर बैठते ही लोगों ने अपने काम की पर्ची मंत्री तक पहुंचाने का प्रयास करना शुरू कर दिया। सभी व्यक्ति व्यक्तिगत रूप से मंत्री जी से मिलकर पर्ची देना चाहते थे। जिसके चलते मंच पर काफी अफरा-तफरी मची रही। जिसके चलते भाजपा के कई नेताओं को मंत्री से मिलने का भी मौका नहीं मिला।
बैठक को संबोधित करते हुए पवार ने कहा कि पहली बार रविदास का जन्मोत्सव प्रदेश स्तर पर आयोजित किया जा रहा है। इसलिए अधिक से अधिक लोगों को इसमें पहुंचना चाहिए। यह उनके लिए मौका है, जब वे अपनी ताकत दिखा सकते हैं। भाजपा सरकार ने संत के जन्मोत्सव को प्रदेश स्तर पर आयोजित करने का निर्णय लिया है। जिससे युवाओं को संत और गुरु के बारे में जानकारी मिल सके। वहीं सरकार ने गुरू और संतों के नाम पर संस्थान के नाम भी रखने का भी निर्णय लिया है। पवार ने कहा कि पूर्व कांग्रेस सरकार ने एससी वर्ग विरोधी थी। कांग्रेस ने नौकरियों में प्रमोशन रोक लगाई। इस रोक को भाजपा सरकार ने हटवाया। सरकार के इस निर्णय का एससी वर्ग के हजारों कर्मचारियों को फायदा पहुंचा। वहीं इस वर्ग के युवाओं को रोजगार देने के लिए सरकार द्वारा बैक लॉक के करीब 38 हजार पदों को भरा जाएगा। इस अवसर पर भाजपा के गोहाना ब्लॉक अध्यक्ष बलराम कौशिक, डॉ.ओमप्रकाश शर्मा, संदीप सैनी, सतबीर पांचाल, रामफल चिड़ाना, डॉ.योगेश अलमादी, आजाद, कुलदीप आदि उपस्थित थे।
परिवहन मंत्री ने बताया कि प्रत्येक छात्रा को संस्थान तक आने-जाने में परेशानी हो। इसके लिए रोडवेज द्वारा उन सभी ग्रामीण रूटों पर रोडवेज बस चलाई जाएगी। जहां पर रोडवेज बस नहीं है। छात्राओं को सुरक्षा मुहैया कराने के लिए बस में महिला गार्ड भी तैनात की जाएगी। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार ने बसें तो खरीदी, लेकिन चालकों की नियुक्ति नहीं की। जिसके चलते बस वर्कशाप में ही खड़ी रही। चालकों की कमी को पूरा करने के लिए चालकों की भर्ती की गई है। वहीं सरकार जल्द ही प्राइवेट बस मालिकों के साथ अनुबंध करके बस चलाने जा रही है।
मकानहीन लोगों को मकान दिलाने के लिए कराया जाएगा सर्वे: पवारने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी का प्रयास है कि 2022 प्रत्येक व्यक्ति के पास अपना मकान हो। पीएम के इस सपने को पूरा करने के लिए प्रदेश भर में सर्वे कराया जाएगा। जिसमें उन लोगों की सूची तैयार की जाएगी, जिनके पास मकान नहीं है। सर्वे के बाद मकान हीन लोगों को मकान मुहैया कराए जाएंगे।
लोगों काे संबोधित करते मंत्री पवांर।