बूंदाबांदी से बढ़ी ठंड, किसान खुश
शनिवारको सुबह हुई बूंदाबांदी से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। जिससे फिर से लोगों को ठंड का अहसास कराया। बूंदाबांदी के चलते क्षेत्र का तापमान 22 डिग्री से गिरकर 20 डिग्री पहुंच गया। बूंदाबांदी से किसान खुश हैं। कृषि वैज्ञानिकों का कहना है कि बरसात आने पर किसानों को अधिक फायदा होगा। हालांकि बूंदाबांदी भी किसानों के लिए काफी फायदेमंद है।
सुबह बूंदाबांदी को देख किसानों को लगा कि आज तो अच्छी बरसात होगी। परंतु बूंदाबांदी के कुछ समय बाद ही धूप निकल आई। इससे किसानों को मायूसी अवश्य हुई। किसानों का कहना है कि बूंदाबांदी से ठंड बढ़ी है। जो गेहूं की फसल के लिए काफी फायदेमंद है। इस समय तापमान कम होगा तो बढ़वार अच्छी होगी। साथ ही पौधे में बीमारी भी नहीं लगेगी। कृषि विशेषज्ञों का कहना है कि फरवरी माह में हुई बूंदाबांदी फसलों के लिए बहुत लाभदायक होती है। इससे किसानों में खुशी का माहौल है।
कृषि विशेषज्ञ एसडीओ राजेंद्र मेहरा का कहना है कि फरवरी माह में बारिश फसलों के लिए फायदेमंद होती है। इस समय किसानों को गेहूं की फसल में सिंचाई करनी होती है। हल्की बूंदाबांदी से कम सिंचाई वाले क्षेत्रों के किसानों को फायदा होगा। वहीं बूंदाबांदी से फसलों की बीमारियां भी नष्ट होती है।