- Hindi News
- समता मूलक महिला संगठन ने जुलूस निकाल कर किया प्रदर्शन
समता मूलक महिला संगठन ने जुलूस निकाल कर किया प्रदर्शन
रोहतक के बहुअकबरपुर गांव में नेपाली महिला के साथ हुए गैंगरेप और हत्या किए जाने की घटना के विरोध में समतामूलक महिला संगठन की सदस्यों ने शहर में जुलूस निकाला। संगठन ने आरोपियों को फांसी की सजा दिलाने की मांग की। संगठन ने कहा कि जिस तरह से महिलाओं के साथ घटनाएं बढ़ रही है, उससे महिला भयभीत है। सरकार भी महिलाओं को सुरक्षा मुहैया नहीं करा पा रही।
महिलाएं दोपहर बाद महावीर चौक पर एकत्रित हुई। जहां से जुलूस के रूप में समता चौक से चलकर सिविल रोड़, छोटू राम चौक, महावीर चौक, भगत सिंह चौक से होते हुए वापस समता चौक पर पहुंचा। संगठन की सदस्य ड़ॉ. अनिता ने कहा कि महिला के साथ हुई इस घटना ने हैवानियत की सारी हदों को पार कर दिया। महिला का शव पूरी तरह से क्षत-विक्षत था तथा उसके शरीर के कुछ अंग भी गायब थे। उन्होंने कहा कि दिल्ली में हुए निर्भया कांड के बाद भी केंद्र तथा राज्य सरकार महिलाओं की सुरक्षा के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाएं हैं। केंद्र सरकार ने अमेरिकी राष्ट्रपति की सुरक्षा के लिए दिल्ली में करीब 15 हजार सीसीटीवी कैमरे लगाए थे, लेकिन सरकार का महिलाओं की सुरक्षा के प्रति रवैया ठीक नहीं है। समतामूलक महिला संगठन ने प्रदेश सरकार से गैंगरेप हत्या के आरोपियों को शीघ्र पकड़कर फांसी की सजा देने तथा जस्टिस जेसी वर्मा आयोग की रिर्पोट लागू करने की मांग की। इस अवसर पर बिमला, बीरमती, रीतू, प्यारी, बबीता, सरोज, अनिता, सोनिया आदि उपस्थित थी।
गोहाना . सिविलरोड़ पर जुलूस निकाल कर प्रदर्शन करतीं हुई समतामूलक महिला संगठन की महिलाएं।