- Hindi News
- मतदान करने के लिए मत दाताओं को दिलाई शपथ
मतदान करने के लिए मत दाताओं को दिलाई शपथ
विधानसभाचुनाव में मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए चुनाव आयोग द्वारा मतदाताओं को जागरूक किया जा रहा है। इस चरण में एसपी माजरा और रभडा गांव में जागरूकता अभियान चलाया। कार्यक्रम में स्वीप आब्जर्वर मौसमी चक्रवर्ती ने मतदाताओं को मतदान करने की शपथ दिलाई।
चक्रवर्ती ने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए मतदाताओं को अधिक से अधिक मतदान में भाग लेना चाहिए। जिन लोगों को वह चुनकर विधानसभा में भेजेंगे, वे मिलकर ही सरकार बनाएंगे। उन्होंने मतदाताओं को शपथ दिलाई कि हम अपने देश की लोकतांत्रिक परंपराओं की मर्यादा को बनाए रखेंगे तथा स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन की गरिमा को अक्षुण्ण रखते हुए, निर्भीक होकर, धर्म, वर्ग, जाति, समुदाय, भाषा अथवा अन्य किसी भी प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना सभी निर्वाचकों में अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। स्वीप आब्जर्वर ने बताया कि चुनाव आयोग द्वारा मतदाताओं को मतदान करने के लिए जागरूक किया जा रहा है। गोहाना में इस कार्यक्रम के तहत मतदाता जागरूकता रथ के माध्यम से मतदाताओं को जागरूक किया जा रहा है। सभी मतदाताओं को बिना लालच के मत डालने को प्रेरित किया जा रहा है। बूथ स्तर पर बीएलओ के माध्यम से विभिन्न प्रकार की गतिविधियां चलाई जा रही है।
इस मौके पर बीडीपीओ इकबाल राठी, कानूनगो राजेंद्र, सीडीपीओ संतोष कटारिया, दर्शन राठी, सुशील बंसल आदि उपस्थित थे।