- Hindi News
- इलाज करने की बजाए एमएलआर काटने भेज दिया सामान्य अस्पताल
इलाज करने की बजाए एमएलआर काटने भेज दिया सामान्य अस्पताल
रंजिशके चलते गढ़वाल गांव में एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के रणबीर पर लाठी डंडों से हमला कर दिया। घायल रणबीर का इलाज कराने के लिए परिजन महिला मेडिकल कॉलेज खानपुर ले गए। परिजनों का आरोप है कि कॉलेज के स्टाफ ने पहले एमएलआर कटाने के लिए कहा। इसके लिए उन्हें सामान्य अस्पताल में जाने को कहा।
खून से लथपथ रणबीर को परिजन करीब दस किलोमीटर दूर गोहाना के सामान्य अस्पताल में लेकर आए। जहां पर एमएलआर काटने और प्राथमिक उपचार करने के बाद उसे महिला मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। रणबीर के सिर और हाथ में चोट लगी हुई थी। परिजन बलबीर ने बताया कि रणबीर खेती का काम करता है। सोमवार दोपहर को खेत की सिंचाई करने की बात कहकर घर से गया था। रास्ते में गांव के कुछ लोगों ने उस पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। आसपास ग्रामीणों ने जब रणबीर पर हमला होता हुआ दिखाई दिया तो उन्होंने बीच बचाव किया। घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। वहीं ग्रामीणों ने इसकी सूचना घायल रणबीर के परिजनों को दी। सूचना मिलने के बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल रणबीर को महिला मेडिकल कॉलेज में ले गए। कॉलेज के स्टाफ ने एमएलआर काटने से मना कर दिया और गोहाना ले जाने को कहा। परिजन घायल रणबीर को लेकर सामान्य अस्पताल पहुंचे।
परिजनों ने बताया कि सामान्य अस्पताल में पर्याप्त सुविधाएं नहीं है। इसलिए अस्पताल में आने वाले अधिकांश घायलों को रेफर कर दिया जाता है। रणबीर को समय पर इलाज मिल जाए, इसलिए वे सीधा रणबीर को महिला मेडिकल कॉलेज में ले गए थे। परंतु उन्हें क्या पता था कि एमएलआर काटने के लिए उन्हें सामान्य अस्पताल में भेज देंगे। एमएलआर कटाने के लिए उन्हें अस्पताल के चक्कर लगाने पड़े।