आदर्शनगर वासियों ने किया रोष प्रदर्शन
आदर्शनगर में पेयजल पाइप लाइन अधिक गहराई पर नहीं दबी होने के कारण बार-बार क्षतिग्रस्त हो जाती है। पाइप लाइन क्षतिग्रस्त होने से नगर में पेयजल संकट पैदा हो जाता है। नगरवासियों का कहना है कि कई बार जलापूर्ति विभाग से पाइप लाइन को गहराई में दबाने की मांग की लेकिन समस्या ज्यों की त्यों बनी हुई है।
आदर्श नगरवासी मोहित, मुकेश, नरेश, पिंटू, सदाराम, बबली, विक्की, अनिता, कप्तान, सुशीला, पवन, दीपक का कहना है कि पेयजल पाइक लाइन सडक पर उपर की ओर होने से बार-बार क्षतिग्रस्त हो जाती है। जब भी कोई वाहन यहां से गुजरता है तो पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हो जाती है। लोगों का कहना है कि इस पाइप लाइन के टूटने की घटना कई बार हो चुकी है, इससे क्षेत्र में पेयजल संकट पैदा हो जाता है। पाइप लाइन सड़क पर बिलकुल उपर दिखाई दे रही है। जब भी लाइन में कोई कनैक्शन किया जाता है तो वाहनों के गुजरने से कनेक्शन टूट जाते हैं। कनेक्शन टूटने से पेयजल लाइन में लीकेज की समस्या भी बढ़ गई है जिससे लोगों को घरों में पीने के लिए गंदा पानी मिल रहा है। लोगों का कहना है कि विभाग की अनदेखी के चलते आदर्श नगरवासी सप्लाई में गंदा पानी पीने को मजबूर हैं।
पाइप लाइन बार-बार क्षतिग्रस्त होने से पीने का पानी सड़क पर फैल जाता है जिससे लोगों को आने-जाने में परेशानी होती है। लोगों का कहना है कि उन्होंने कई बार जलापूर्ति विभाग के अधिकारियों से पाइप लाइन को सड़क से थोड़ा गहराई में दबाने की मांग की जिससे पाइप लाइन सुरक्षित रह सके, लेकिन विभाग के अधिकारियों ने लोगों की मांग की तरफ कोई ध्यान नहीं दिया।
गोहाना. आदर्शनगर में पेयजल पाइप लाइन को गहराई में दबाने की मांग को लेकर प्रदर्शन करने लोग।