- Hindi News
- नप में शामिल होने के बाद भी नहीं बनीं गली
नप में शामिल होने के बाद भी नहीं बनीं गली
सोनीपतरोड पर पड़ने वाला गढ़ी सराय नामदार खां का कुछ हिस्सा नगर परिषद में शामिल कर लिया गया है, जिससे पंचायत द्वारा इस हिस्से में विकास कार्य नहीं कराया जाता। वहीं नगर परिषद भी इस क्षेत्र में गली निर्माण कार्य नहीं करा रहा। ऐसे में लोगों की समस्या कम होने की बजाए बढ़ती जा रही है।
गली निर्माण काे लेकर ग्रामीण कभी पंचायत तो कभी नगर परिषद के पास जाते हैं, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ। बुधवार को ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया और गली निर्माण करने की मांग की है। गढी सराय नामदारखां निवासी बलराज, जयबीर, सविता, मुकेश, सुमित्रा, रेखा, पूनम, सीमा, संतोष, बलकेश, बिजेंद्र, वजीर, मंजू, सुरेश, बलबीर का कहना है कि सोनीपत रोड़ के पास के क्षेत्र में अधिकतर गलियां कच्ची हैं। गलियों में गड्ढ़े बने हुए हैं जिससे लोगों को आने-जाने में परेशानी होती है। लोगों का कहना है कि उन्होंने कई बार पंचायत से गलियों का निर्माण कराने की मांग की, लेकिन पंचायत इस क्षेत्र को नगर परिषद का क्षेत्र बताते हुए नप अधिकारी के पास जाने को कहती है। वहीं नप अधिकारी भी स्पष्ट जवाब नहीं देते। ऐसे में उनकी समस्या बढ़ती जा रही है।
ग्रामीणों ने बताया कि गलियों में पानी की निकासी के लिए नालियां नहीं बनी हुई हैं। जिससे घरों से निकलने वाला पानी गलियों में भरा रहता है। कच्ची गलियां होने के कारण पानी आस-पास ही भरा रहता है। गलियों में भरे पानी के कारण कीचड़ की समस्या बढ़ गई है। कीचड़ के कारण गलियों में दुर्गंध फैली रहती है जिससे लोगों का घरों में रहना दूभर हो गया है। कई बार अधिकारियों से गलियों के निर्माण की मांग की, लेकिन समस्या का कोई समाधान नहीं हुआ।
^जब नप की सीमा का विस्तार किया गया था तो गढ़ी सराय खां का कुछ हिस्सा शामिल किया गया था। इसमें विकास कार्य कराने के लिए एस्टीमेट बनाया गया है। इसे मंजूरी के लिए मुख्यालय भेजा हुआ है। जैसे ही मंजूरी मिलेगी, तुरंत कार्य शुरू कर दिया जाएगा।\\\'\\\' नरेश,जेईनगर परिषद।
गोहाना. गढ़ीसराय नामदार खां में गली निर्माण की मांग को लेकर प्रदर्शन करते निवासी।