बिना मंजूरी विवि में उतारा हेलीकॉप्टर
हजकांसुप्रीमो कुलदीप बिश्नोई का हेलीकॉप्टर गुरुवार को बिना मंजूरी महिला विवि, खानपुर कलां में उतार दिया। जिस स्थान पर हेलीकॉप्टर उतारा गया, उसके आसपास बस और अन्य वाहन खड़े हुए थे। जैसे ही हेलीकॉप्टर उतरा तो विवि के सुरक्षा कर्मियों में अफरा-तफरी मच गई। क्योंकि विवि प्रशासन को इसकी जानकारी नहीं थी। अपने नेता को हेलीपेड पर मिलने के लिए कार्यकर्ता विवि की तरफ दौड़े, परंतु गेट पर सुरक्षा कर्मी ने उन्हें रोक दिया।
कुलदीप बिश्नोई गुरुवार को गोहाना से प्रत्याशी धर्मपाल मलिक का नामांकन पत्र भराने के लिए आए थे। उनका हेलीकॉप्टर महिला मेडिकल कॉलेज, खानपुर में उतारा जाना था। जहां से सड़क के रास्ते से सोनीपत मोड तक पहुंचना था। तय कार्यक्रम के अंतर्गत कार्यकर्ता भी सुबह नौ बजे से पहले ही मेडिकल कॉलेज में पहुंच गए। सुबह करीब साढ़े नौ बजे हेलीकॉप्टर विवि परिसर में उतार दिया गया। जबकि कार्यकर्ता मेडिकल कॉलेज में हेलीकॉप्टर उतरने का इंतजार कर रहे थे। जैसे ही कार्यकर्ताओं ने देखा कि हेलीकॉप्टर मेडिकल कॉलेज की बजाए विवि परिसर में उतारा जा रहा है तो वे विवि की तरफ दौड़ पड़े। कुछ कार्यकर्ताओं ने तो दीवार फांदकर विवि में जाने का प्रयास किया।
गोहाना विधानसभा क्षेत्र के रिटर्निंग अधिकारी, शिव प्रसाद, का कहना है कि हेलीकॉप्टर उतारने की वीडियो क्लिप देखी जाएगी। साथ ही यह भी पता किया जाएगा कि उन्हें हेलीकॉप्टर उतारने की मंजूरी ली हुई थी या नहीं। यदि मंजूरी नहीं ली होगी तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
आशा कादियान, कुलपति, महिला विवि, का कहना है कि उन्हें सुरक्षा कर्मियों से पता चला कि एक हेलीकॉप्टर विवि परिसर में उतारा जा रहा है। जब तक सुरक्षा कर्मी वहां पर पहुंचे, तब तक हेलीकॉप्टर उतारा जा चुका था।
^ डीसी की तरफ से बुधवार को पत्र मिला था कि मेडिकल कॉलेज में हेलीकॉप्टर उतारा जाना है। पत्र मिलने के बाद हेलीपेड के आसपास सफाई करा दी गई थी। किसी भी व्यक्ति ने हेलीकॉप्टर उतारने को लेकर संपर्क नहीं किया। वे खुद आश्चर्यचकित थे कि जब हेलीकॉप्टर कॉलेज में उतरना था तो वह विवि में कैसे चला गया।\\\'\\\' डॉआरसी सिवाच, डायरेक्टर,महिला मेडिकल कॉलेज, खानपुर कलां।
गोहाना. महिलाविवि में हेलीकॉप्टर से उतरने के बाद नेताओं के साथ जाते हुए हजकां सुप्रिमों कुलदीप बिश्नोई।