- Hindi News
- डॉक्टरों की कमी दूर करने को तैयार करेंगे नए डॉक्टर
डॉक्टरों की कमी दूर करने को तैयार करेंगे नए डॉक्टर
सीएममनोहर लाल खट्टर ने रविवार को महिला मेडिकल कॉलेज का दौरा किया और डायलेसिस और केंद्रीय रिसर्च लैब का उद्घाटन किया। अस्पताल का दौरा करने के बाद हाल में छात्राओं को संबोधित किया।
डॉक्टर और छात्राओं को ड्रेस में देख सीएम बोले कि उनका भी सपना डॉक्टर बनने का था। लेकिन परिस्थितियां ऐसी बनी कि डॉक्टर नहीं बन पाया। यदि डॉक्टर बनता तो महिला मेडिकल कॉलेज में उनके बीच बैठा हुआ मिलता। उन्होंने कहा कि प्रदेश भर में डॉक्टरों की कमी है। इस कमी को दूर करने के लिए मेडिकल कॉलेज खोले जाएंगे। सरकार का प्रयास है कि प्रतिवर्ष दो हजार नए डॉक्टर तैयार किए जाएं। जिससे ग्रामीण क्षेत्र में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं दी जा सकंे।
सीएम ने कहा कि मानव सेवा के नाते डॉक्टरों को ग्रामीण क्षेत्र में लंबे समय तक कार्य करना चाहिए। क्योंकि डॉक्टर भी भगवान के समान होता है, भगवान भी जिंदगी देता है और डॉक्टर भी बीमारी का इलाज करके मरीज को नया जीवन देता है। इस अवसर पर कॉलेज के डायरेक्टर डॉ. आरसी सिवाच ने कहा कि कॉलेज में मरीजों को बेहतर सुविधा देने का प्रयास किया जा रहा है। सरकार ने बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान शुरू किया है।
यहां पर बेटी को पढ़ाया जाता है, साथ ही उन्हें बेटी बचाने के लिए प्रेरित भी किया जाता है। उन्होंने सीएम से कॉलेज में चल रहे कार्यों को गति देने की भी मांग की। इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास मंत्री कविता जैन, सांसद रमेश कौशिक, विधायक मनीष ग्रोवर, रविंद्र मच्छरौली, डॉ. वीके जैन, पीजीआई रोहतक के डायरेक्टर डॉ. रोहताश यादव, मेडिकल कॉलेज मेवात से डॉ. संसार शर्मा, बीपीएस महिला विवि की कुलपति प्रो. आशा कादयान, डीसी राजीव रतन, एसपी सतीश बालन, एसडीएम गोहाना धर्मेंद्र, डीएसपी विनोद कुमार, भाजपा नेता गुलशन विरमानी, कर्मबीर शर्मा, इंद्र विरमानी, रामचंद्र जांगड़ा, दादा बलजीत मलिक आदि उपस्थित थे।
सीएम ने कहा कि प्रदेश में औद्योगिक विकास को गति दी जाएगी। इसके लिए मार्च में नई पॉलिसी की घोषणा कर दी जाएगी। जहां-जहां भी आईएमटी विकसित करने की योजना है या फिर जरूरत है। मार्च के बाद उस पर कार्य शुरू किया जाएगा। फिलहाल जहां-जहां भी आईएमटी की योजना है, उसके संबंध में रिपोर्ट मांगी गई है। उन्होंने कहा कि रोहतक में नेपाली युवती के साथ हुई दुष्कर्म की घटना के संबंध में एसआईटी गठित कर दी गई है। जो कि मामले की जांच करेगी।
डॉक्टर सिवाच ने बताया कि कॉलेज का दूसरे फेज का कार्य बंद है। जिसका बजट जारी नहीं हो रहा। सीएम की तरफ से फाइल निकल चुकी है, इसके बाद भी बजट जारी नहीं हो रहा। वहीं एमआरआई सीटी स्कैन की सुविधा शुरू करने के लिए कंपनी को टेंडर अलॉट किया गया है। सरकार के साथ एमओयू होना है। सुविधा होने पर मरीजों को हजारों रुपए खर्च करने पड़ते हैं। जिस पर सीएम ने छात्राओं के लिए हास्टल निर्माण कार्य के लिए 40 करोड़ रुपए एक सप्ताह और एमआरआई सीटी स्कैन की सुविधा एक माह में शुरू करने की घोषणा भी की।
पीएनबी के लॉकर तोड़ने की घटना के पीड़ित लॉकर धारक नुकसान की भरपाई कराने की मांग को लेकर सीएम से मिले। लॉकर धारक रमन सुनेजा, गौरव विरमानी, संदीप कालरा, दिनेश वर्मा, सुरेश गिरधर ने सीएम को बताया कि घटना के तीन माह बीत जाने के बाद भी सामान वापस नहीं मिला है। जिस पर सीएम ने बताया कि पूरा मामला उनके दिमाग में है। इस बारे में बैंक अधिकारियों से भी बातचीत चल रही है। प्रयास है कि नुकसान की भरपाई कराई जाए।
गोहाना . डायलसिसमशीन का शुभारंभ करते हुए सीएम मनोहर लाल खट्टर, साथ में कविता जैन।