सड़क दुर्घटनाओं में दो की मौत, दो घायल
क्षेत्रमें अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई। रोहतक रोड बाइपास के पास ट्रक ने साइकिल सवार को टक्कर मार दी। जिससे साइकिल सवार काठमंडी निवासी रमेश सैनी (65) की मौत हो गई। दूसरी घटना कटवाल रोड पर हुई। जहां पर रोहित (20) निवासी सिसाना की मौत हो गई। पुलिस ने शव का सामान्य अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया।
परिजनों ने बताया कि काठमंडी निवासी रमेश साइकिल से खेतों में जा रहा था। जब वह रोहतक रोड बाइपास के पास पहुंचा तो पीछे से तेज गति से रहे एक ट्रक ने टक्कर मार दी। जिससे रमेश सड़क पर जा गिरा। उसके सिर में चोट लगी। जिसके कारण उसकी मौत हो गई। घटना के बाद ड्राइवर ट्रक को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। राहगीरों ने जब घटना को देखा तो रूक गए। देखते ही देखते वहां पर लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। वहीं सूचना के बाद पुलिस परिजन मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को सामान्य अस्पताल में पहुंचाया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लिया है और ट्रक ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। गुरुवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाया और वारिसों को सौंप दिया। कटवाल रोड पर बुधवार को अज्ञात वाहन ने रोहित को टक्कर मार दी। जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है।
खानपुर मेडिकल में भर्ती दोनो छात्र।
खानपुर कलां | दसवींपरीक्षा देकर लौट रहे दो छात्र कार की चपेट में आने से घायल हो गए। घायलों को महिला मेडिकल कॉलेज खानपुर कलां में भर्ती कराया गया है। जहां उनकी हालत स्थिर बनी हुई है। पुलिस ने कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।बुसाना निवासी बिजेन्द्र पुत्र दलबीर और जागसी गांव निवासी जोनी पुत्र जयकरण बाइक पर सवार थे। दोनों छात्र परीक्षा देने के बाद वापस गांव जा रहे थे। जब वे जागसी और बिचपड़ी के बीच पहुंचे तो अचानक तेज गति से गाड़ी आई। गाड़ी ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद छात्र सड़क पर गिर गए। घटना के बाद गाड़ी चालक मौके से फरार हो गया। बिजेंद्र के भाई तेजवीर ने बताया कि जागसी गांव में परीक्षा केंद्र बनाया गया है। परीक्षा देने के बाद जब वे लौट रहे थे तो रास्ते में गाड़ी ने टक्कर मार दी।