- Hindi News
- शिव नगर में पानी निकासी नहीं होने से खाली प्लाॅटों में भरा पानी
शिव नगर में पानी निकासी नहीं होने से खाली प्लाॅटों में भरा पानी
शिवनगर में पानी निकासी के व्यापक प्रबंध नहीं हैं। घरों से निकलने वाला पानी गलियों तथा आस-पास के खाली प्लाटों में भरा रहता है, जिससे लोगों को असुविधाओं का सामना करना पड़ता है। वहीं सीवरों से पानी निकासी नहीं होने के कारण गलियों में जलभराव हो जाता है। लोगों का कहना है कि खाली प्लाटों में भरे पानी के कारण पास के मकानों में सीलन गई है। कई बार जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से पानी निकासी की व्यवस्था करने की मांग की, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ।
कॉलोनी निवासी कमला, संतोश, कृष्णा, सुदेश, रोशनी, रामदेई, महेंद्र, राजबीर, सतीश, अशोक का कहना है कि क्षेत्र में पानी निकासी की व्यवस्था करने के लिए जनस्वास्थ्य विभाग द्वारा सीवर लाइन तो दबाई है। लेकिन पाइप लाइन की नियमित रूप से सफाई होने के कारण अक्सर सीवर जाम रहते हैं। इससे सीवर का पानी खाली प्लाटों में भर जाता है। खाली प्लाटों के साथ लगते मकानों की दीवारों में सीलन आनी शुरू हो गई है। वहीं लंबे समय तक प्लाटों में पानी खड़ा होने के कारण पानी से दुर्गंध आती रहती है। लोगों का कहना है कि गलियों एवं नालियों की सफाई भी नियमित रूप से नहीं की जाती, जिसके कारण गलियों में गंदगी बढ़ती जा रही है। सफाई कर्मचारी भी नालियों से कीचड़ निकाल कर गलियों में ही छोड़ देते हैं। उसे उठाया नहीं जाता। बाद में वह फिर से नालियों में चला जाता है। कॉलोनीवासियों ने उचित व्यवस्था करने की मांग की है।
^ सीवरेज व्यवस्था ठप होने के कारण बरसात का पानी भी गलियों में भरा रहता है। इससे लोगों की समस्या बढ़ जाती है। कई बार पानी निकासी के उचित प्रबंध किए जाने की मांग की, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ।\\\'\\\' रामदिया,निवासी प्रेम नगर।
^ सीवर नालों की सफाई नियमित रूप से नहीं हो रही है। सफाई कर्मी जब भी सफाई के लिए आते हैं तो वे नाली से गंदगी निकालकर गलियों में ही छोड़ देते हैं। इससे गलियों में गंदगी बढ़ती जा रही है। गलियों में भरी गंदगी दोबारा से नालियों में पहुंच जाती है।\\\'\\\' बलवान,निवासी प्रेम नगर।
^ कॉलोनी में पानी निकासी की व्यापक व्यवस्था नहीं है। घरों से निकलने वाला पानी गलियों तथा पास के खाली प्लाटों में भर जाता है। प्लाटों में पानी भरने से आसपास के मकानों में सीलन गई है, जिससे मकान गिरने का अंदेशा बना रहता है।\\\'\\\' भीमसिंह, निवासी प्रेम नगर।
गोहाना. शिवनगर में खाली प्लाट में भरा पानी तथा मकान में आई सीलन।