भास्कर न्यूज| गोहाना
भास्कर न्यूज| गोहाना
महिलामेडिकल कॉलेज में एक दिन पहले ज्वाइन करने वाले डॉक्टर और उसके साथी डॉक्टरों के साथ बुधवार देर रात कुछ युवकों ने मारपीट की। इसमें स्त्री रोग विशेषज्ञ घायल हो गया। हमलावरों ने डॉक्टर की गाड़ी को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।
डॉक्टर मेडिकल कॉलेज के गेट के सामने ही चाय पी रहे थे। घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। डॉक्टरों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने इस मामले में खानपुर गांव निवासी धर्मेंद्र उर्फ टोना, कुलदीप और प्रदीप को गिरफ्तार कर लिया। वहीं इस घटना के बाद डॉक्टरों को सुरक्षा की चिंता सताने लगी है। बुधवार को मेडिकल के डॉक्टर एकत्रित हुए और सुरक्षा की गुहार की।
मूलरूप से फरीदाबाद निवासी डॉ.अविनाश ने गायनी विभाग में मंगलवार को ज्वाइन किया था। बुधवार रात करीब नौ बजे डॉ.अविनाश अन्य डॉक्टरों के साथ चाय पीने के लिए मेडिकल कॉलेज के गेट के पास चले गए। इसी बीच गाड़ी सवार कुछ युवक आए। उनकी किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। जिस पर युवकों ने डॉ.अविनाश के साथ मारपीट करनी शुरू कर दी। इतना ही नहीं युवकों ने उस पर पथराव भी कर दिया। घटना के बाद कॉलेज में तैनात सिक्योरिटी गार्ड भी वहां पर पहुंच गए। लोगों की भीड़ होने पर हमलावर मौके से फरार हो गए। डॉक्टरों ने इसकी सूचना पुलिस दी। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर आरोपियों को पकड़ लिया।