- Hindi News
- गुहार : पेट्रोल पंपों पर हो रही वारदातों पर लगे रोक
गुहार : पेट्रोल पंपों पर हो रही वारदातों पर लगे रोक
सोनीपतपेट्रोलियम डीलर एसोसिएशन के सदस्यों ने एसपी से सुरक्षा की गुहार लगाई है। पेट्रोलियम डीलर एसोसिएशन के प्रधान राज सिंह दहिया ने कहा कि पेट्रोल पंपों पर आए दिन लूटपाट की घटनाएं हो रही हैं। जिससे पेट्रोल पंप संचालक हताश और दहशत में हैं। जिले भर में अब तक एक दर्जन वारदातें हो चुकी हैं। लेकिन पुलिस एक भी मामले को सुलझा नहीं सकी है। जिससे कानून व्यवस्था से विश्वास उठ रहा है। असुरक्षा की भावना पैदा हो रही है। उन्होंने एसपी से पुख्ता सुरक्षा इंतजाम की अपील की है।
गुरुवार को काफी संख्या में पेट्रोल पंप संचालक जिला सचिवालय पहुंचे। जहां पर उन्होंने एसपी से मुलाकात कर पेट्रोल पंपों पर हो रहीं लूटपाट की घटनाओं से अवगत कराया। राज सिंह दहिया ने कहा कि हाल ही में गोहाना में पेट्रोल पंप के डीलर से लूटपाट करने के लिए गोली मारकर हत्या कर दी गई। गांव नाहरा में 11 लाख रुपए कैश लूट लिया। खेवड़ा से करीब तीन लाख रुपए की लूट दिन दहाड़े हुई। इसके अलावा दर्जनों वारदातों को लुटेरे अंजाम दे रहे हैं। पुलिस मामला दर्ज कर जांच का आश्वासन देकर आगे बढ़ जाती है। इस भय नुमा माहौल में काम करना बेहद मुश्किल हो रहा है। कर्मचारी कैश जमा कराने जाने से कतराने लगे हैं। एसोसिएशन के सेक्रेटरी विनोद गुलिया, नवीन नीरज आदि ने कहा कि एसपी साहब को इस ओर भी सोचने की जरूरत है। ताकि भयमुक्त माहौल में कार्य किया जा सके।
सोनीपत. पेट्रोलपंपों पर हो रही लूटपाट की घटनाओं को रोकने की मांग करते पंप संचालक।