कॉलेज के सामने भरा सीवर का पानी, राहगीर हैं परेशान
जवाहर नगर स्थित सीआरए कॉलेज के मुख्य द्वार पर लंबे समय से सीवर का गंदा पानी इकट्ठा हो रहा है। जिसके कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं स्थानीय निवासियों का कहना है कि मामले को लेकर कई बार अधिकारियों से शिकायत की गई। लेकिन आश्वासन देकर वह पल्ला झाड़ लेते हैं। जिसके कारण हर दिन सीवर का पानी ओवर फ्लो होकर सड़क पर जमा हो जाता है। जिससे अपने ही घर में बैठने में दिक्कत होती है।
बदबू इतनी अधिक होती है कि कमरे का गेट बंद करने के बाद भी समस्या होती है। कई बार तो अधिकारियों ने कहा कि आज कल में काम शुरू हो जाएगा। जिसके बाद समस्या का समाधान हो जाएगा, लेकिन ऐसा हो नहीं सका।
कॉलोनीवासियों ने रोक दिया था गली का निर्माण : उक्तगली के सामने की सड़क का नगर निगम द्वारा निर्माण कार्य शुरू किया गया था। जिसे स्थानीय निवासियों ने सीवर पाइप लाइन दबाने के लिए रोक दिया था। करीब दो महीने तक काम बंद रहा। जिसके बाद जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने एक छोटा सा टुकड़ा बदलकर यहां से अपना पिंड छुड़ा लिया। जिससे समस्या का समाधान नहीं हो सका। पानी उसी तरह से घर कॉलेज के मुख्य द्वार पर भरा रहता है।
अधिकारियों पर नहीं पड़ता कोई असर
जवाहरनगर निवासी बिजेंद्र ठाकरान, अनिल दहिया, रमेश कुमार, शिव भारती, नरेश गोयत आदि ने कहा कि मामले में कई बार अधिकारियों से शिकायत की गई लेकिन कोई समाधान नहीं हो रहा है। जिसके कारण बार-बार कार्यालय में भी जाने से बुरा लगने लगा है। लेकिन जिन अधिकारियों के पास हम वह जाते हैं, उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता है। बच्चे भी घर से परहेज करने लगे हैं। जिसमें वह कहते हैं कि हम कहीं और नहीं रह सकते हैं। लेकिन उन्हें कैसे बताया जाए कि घर छोड़कर कहां जाएं।
गोहाना रोड लाइन पार इलाके की हर गली में सीवर समस्या बनी है। जिसके कारण लोग बुरी तरह से परेशान हो रहे हैं। इन इलाकों के लोगों ने कई बार रोड जाम और धरना प्रदर्शन किया, लेकिन कोई समाधान नहीं हो रहा है। जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अधिकारी केवल आश्वासन से काम चल रहे हैं। इन इलाकों में गढ़ी घसीटा, काठ मंडी इलाका, पत्थरों वाली गली, वेस्ट रामनगर सहित कई इलाकों के लोग बुरी तरह से प्रभावित हैं।
सोनीपत . सीआरएकॉलेज के सामने सड़क पर भरा सीवर का गंदा पानी।