देर से ही पर ठेकेदार का हुआ भुगतान
सोनीपत|जलापूर्ति स्वच्छताविभाग ठेकेदार आनंद कुमार कुच्छल को डिवीजन नंबर दो द्वारा मंगलवार को भुगतान कर दिया गया। ठेकेदार का कहना था कि उसने पूर्व सीएम हुड्डा की गोहाना रैली में काम किया था, जिसका भुगतान नहीं किया जा रहा था। आरोप था कि उससे भुगतान के बदले रिश्वत मांगी जा रही है। मीडिया में भी यह उछला। लेकिन अब विभाग ने उसे भुगतान कर दिया है। जलापूर्ति स्वच्छता विभाग डिवीजन नंबर दो द्वारा कांट्रैक्टर आनंद कुमार कुच्छल को मंगलवार को दो लाख नौ हजार सात सौ बीस रुपए का भुगतान किया गया। साथ ही उसके अन्य बिलों की पड़ताल के लिए एक कमेटी बनाई गई है, जिससे जल्द ही रिपोर्ट देने को कहा गया है। ठेकेदार आनंद कुमार कुच्छल ने आरोप लगाया था कि उससे जलापूर्ति एवं स्वच्छता विभाग द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा की गोहाना रैली में टायलेट शीट लगवाई गई। जिसकी पेमेंट उसे नहीं की जा रही है। इस बात को एक साल से अधिक का समय बीत चुका है। साथ ही भुगतान के बदले रिश्वत मांगने का आरोप लगाया था। जिसकी शिकायत उसने प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री से लेकर सभी बड़े अधिकारियों को की। जब मामला मीडिया में उछला तो अधिकारियों ने मामले का संज्ञान लिया मंगलवार को उसे भुगतान कर दिया गया।