पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • समस्या नहीं सुनते अधिकारी, शिकायत करने पर ठेकेदारों से करवाते हैं सेटिंग

समस्या नहीं सुनते अधिकारी, शिकायत करने पर ठेकेदारों से करवाते हैं सेटिंग

5 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
लघुसचिवालय में हुई जिला कष्ट निवारण समिति की नए साल की पहली ही बैठक में एक बार फिर से अधिकारी लोगों के निशाने पर रहे। लगभग हर शिकायत अधिकारियों की विकास कार्यों के प्रति लापरवाही, उनकी अनदेखी की थी। यही नहीं लोग इस बात के लिए कहीं अधिक परेशान थे कि अधिकारी लोगों का फोन तक उठाने की जहमत नहीं उठाते। लोगों ने अपनी शिकायतों के दौरान अधिकारियों पर भ्रष्ट्राचारियों को शह देने के गंभीर आरोप भी जड़े। निरंतर रही शिकायतों के बाद आखिरकार बैठक की अध्यक्षता कर रहे मंत्री खनन एवं भू-गर्भ राज्य मंत्री नायब सिंह सैनी को भी कहना पड़ा कि अधिकारी जनता के प्रति जवाबदेह हैं तथा उसे अपना ढुलमुल रवैया अब छोड़ना होगा। भ्रष्टाचार किसी भी रूप में स्वीकार नहीं किया जाएगा। बैठक में डीसी राजीव रतन एवं एसपी अभिषेक गर्ग बैठक में भाजपा प्रदेश प्रवक्ता ललित बत्रा, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. धर्मबीर नांदल, एडीसी शिव प्रसाद शर्मा, एसडीएम निशांत यादव, संगीता तेतरवाल, धर्मेंद्र सिंह, राजीव अहलावत, सुधांशु गौतम सहित सभी विभागों के अधिकारी मौजूद थे।

प्रतिबंध के बावजूद सोनीपत में जमकर खनन हो रहा है। गांव गढी बाला अब्बासपुर ने शिकायत की थी कि गांव अब्बासपुर, बिंदरौली, भोवापुर, नसीरपुर बांगर हरसाना कलां में कई वर्षों से नियमों को ताक पर रख कर 10 से 30 फीट तक मिट्टी उठाई जा रही है जबकि खनन विभाग द्वारा तीन से चार फुट मिट्टी उठाने का परमिट दिया जाता है। अपने ही विभाग में हो रही इस लापरवाही को सुनकर मंत्री जी ने भी इस मसले पर तत्काल कमेटी गठन करने के निर्देश दिए। मौके पर ही एसडीएम की अध्यक्षता में कमेटी गठित की गई। जिला खनन अधिकारी के बजाए इंस्पेक्टर को इसमें शामिल किया गया है।

बैठक में गोहाना से संबंधित अधिकारियों की लापरवाही की शिकायते आई। जो आमजन के अलावा जिला कष्ट निवारण समितियों के सदस्यों की ओर से की गई थी। इससे नाराज होकर मंत्री ने सीधे तौर पर कहा कि अाखिर गोहाना के हालात खराब क्यों हैं। जिस पर लोगों ने कहा कि स्थानीय अधिकारी लोगों की समस्याओं को सुनते ही नहीं है, ना ही फोन उठाते हैं, इस पर जब मंत्री ने एसडीएम से हालात सुधारने की बात कही तो समिति के गोहाना मंडल के सदस्यों ने कहा कि एसडीएम खुद ही फोन नहीं उठाते। जिस पर मंत्री ने कहा कि फोन सुनने के लिए है।

भाजपा के जिला महामंत्री एवं पूर्व नगर पार्षद रविन्द्र दिलावर ने खुले तौर पर कहा कि जिला प्रशासन की ओर से दोषी साबित होने के बाद भी नगर निगम के अधिकारियों के खिलाफ काेई कार्रवाई नहीं की जा रही है, जबकि इसके लिए वे भूख हड़ताल तक पर बैठे थे। तत्कालीन एसडीएम वीरेंद्र लाठर ने डीसी को सौंपी रिपोर्ट में निगम के कई कर्मचारियों एवं अधिकारियों पर लगे आरोप को सही बताते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई की सिफारिश की थी, लेकिन उसके बाद तीन डीसी चुके हैं, किसी ने कार्रवाई नहीं की। दैनिक भास्कर की खबर का हवाला देते हुए कि यहां नगर निगम के कुछ अधिकारी ऐसे हैं कि जब वे कोई निगम की लापरवाही को उजागर करते हैं तो समस्या के समाधान के बजाय ठेकेदार को उनसे के पास भेज दिया जाता है।

लोगों की समस्याओं के हल करने के प्रति गंभीरता दिखाते हुए हाइटेक अंदाज भी अपनाया गया। नगर निगम संबंधित राजेन्द्र की शिकायत पर जब खुद शिकायतकर्ता आया नहीं तो मंत्री के कहने पर डीसी ने फोन कर पूछा समस्या का समाधान हो गया ना।

{गांव लोहारी टिब्बा से आए मेजर संदीप ने जब अपनी शिकायत अंग्रेजी में बतानी शुरू की तो डीसी ने उनसे हिंदी में करने को कहा, इसके बाद उन्होंने हिंदी शुरू तो की, लेकिन अंग्रेजी भी जारी रखी, उनका भी आरोप था कि विभाग उनसे बेवजह 41 हजार रुपए मांग रहा है।

{12 महीनों में महज दूसरी बार हो रही इस बैठक को लेकर लाेगों द्वारा हर महीने करने की मांग को स्वीकार करते हुए मंत्री ने कहा अब हर महीने बैठक होंगी, अगर वे नहीं सकेंगे तो डीसी बैैठक की अध्यक्षता करेंगे।

{खरखौदा में सब्जी मंडी में रेहड़ी लगाने के मामले में अवैध वसूली का मामला भी मंत्री के सामने पहुंचा। इस मामले की जांच एसडीएम खरखौदा को करने के निर्देश दिए गए।

{जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक में उपस्थित नहीं होने को गंभीरता से लेते हुए डीसी ने मार्केट कमेटी एवं क्षेत्रीय अधिकारी प्रदूषण बोर्ड के अनुपस्थित रहने पर उसे कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

{बैठक में बाध निवासी सतपाल, लुहारी टिब्बा निवासी मेजर संदीप, जसराना निवासी प्यारेलाल, जाहरी निवासी राजपाल, खेवड़ा निवासी रवि, मिश्रा कॉलोनी निवासी धर्मबीर, मौजमनगर निवासी बलबीर सिंह, गुहणा निवासी आेमप्रकाश, बढ़ मलिकपुर निवासी इन्द्र सिंह, प्रगति नगर निवासी शिक्षा देवी की शिकायतों पर सुनवाई हुई। इसके अतिरिक्त जिला कष्ट निवारण समिति के सदस्यों आजाद सिंह नेहरा, देवेन्द्र वर्मा, हुकम सिंह जाेगी, विकास मंगला, मनोज जैन, मोहन लाल बडौली आदि ने भी शिकायतें रखी। इसके अतिरिक्त निगरानी समिति के सदस्यों की शिकायत यह थी कि उन्हें बैठक के बारे में भी सूचना तक नहीं दी गई।

सोनीपत . भाजपाजिला महामंत्री रविन्द्र दिलावर भास्कर की खबर का हवाला देकर अपनी शिकायत मंत्री से करते हुए।

खबरें और भी हैं...