- Hindi News
- ज्वेलर्स के आवास में घुसे चोर, पड़ोसियों की सतर्कता से पकड़े
ज्वेलर्स के आवास में घुसे चोर, पड़ोसियों की सतर्कता से पकड़े
कृष्णाकॉलोनी में एक ज्वेलर्स के एक आवास में आधी रात को चोरी हो गई। इस घटना में चोरी आवास में रखी एलसीडी, दो गैस सिलेंडर, करीब 20 हजार रुपये की नकदी सोने के जेवर चुरा ले गए। आसपास के लोगों की तत्परता से दो आरोपियों को पकड़ लिया गया। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है। चोरों ने आधी रात को गली हलवाईयान में दुर्गा ज्वेलर्स के मालिक राजू सोनी के आवास में पड़ोस की छत से प्रवेश किया। घटना के समय सोनी परिवार सहित किसी समारोह में शामिल होने फतेहाबाद गए हुए थे। उनके आवास पर ताले लगे थे। चोरों ने आवास में प्रवेश करने के बाद कमरों के ताले तोड़े एक एलसीडी, दो गैस सिलेंडर तथा अलमारी से पाजेब की जोड़ी, चार कोके, टॉप्स की जोड़ी करीब 20 हजार रुपये की नगदी चुरा ली।
घटना को अंजाम देने के बाद चोरों ने सोनी के पड़ोस में स्थित भानी देवी के आवास की छत पर छलांग लगाई तो आवास मालकिन की नींद खुल गई। उन्होंने शोर मचा दिया। शोर सुनकर परिजन जग गए और लोगों को बुला लिया। लोग आनन-फानन में मौके पर जमा हो गए। उन्होंने चोरी के आरोपित दो युवकों में से एक को दबोच लिया जबकि उनके अन्य साथी भागने में सफल हो गए। लोगों की मुस्तैदी के कारण चोर एलसीडी दो गैस सिलेंडर मौके पर ही छोड़ गए। लोगों ने पकड़े गए युवकों को पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है।