पक्की गली के ऊपर ही बनाने लगे मकान
उमरामें बाल्मीकि बस्ती को जोड़ने वाले कंकरीट की एक गली पर निर्माण को लेकर विवाद हो गया है। बाल्मीकि समुदाय के लोग निर्माण रुकवाने की मांग को लेकर शाम को हांसी आए और डीएसपी सिद्धार्थ ढांडा से मुलाकात कर उन्हें एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में निर्माण पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाने की मांग की। पुलिस प्रशासन ने उनकी मांग पर फिलहाल निर्माण पर रोक लगा दी है। मंगलवार को तहसीलदार को मौके पर भेजकर मामले की जांच कराई जाएगी।
बाल्मीकि समुदाय के लोगों ने कहा कि गांव से एक मेन गली बाल्मीकि मंदिर, चौपाल और अनुसूचित जाति के लोगों को घरों को जाती है। गली कंकरीट की बनी हुई है और इसका निर्माण कई साल पहले हुआ था। आरोप है कि गांव के ही रणबीर ने कुछ लोगों को साथ लेकर अब गली की सड़क पर निर्माण कार्य शुरू कर दिया है, जिससे गली रुक गई है। विरोध करने पर निर्माण करने वालों ने उन्हें धमकियां देनी शुरू कर दी है।
कंकरीट की गली पर निर्माण शुरू करने के विरोध में डीएसपी से मिलते बाल्मीकि समुदाय के लोग।
उमरा में बाल्मीकि बस्ती की तरफ जाने वाली गली, जिस पर निर्माण शुरू किया गया है।
\\\"रुकवा दिया निर्माण\\\'
डीएसपीसिद्धार्थ ढांडा ने बताया कि बाल्मीकि समुदाय के लोग उनके पास आए थे। उन्होंने रणधीर नामक किसी व्यक्ति द्वारा गली पर निर्माण शुरू करने की जानकारी दी। गांव में किसी तरह की तनाव की स्थिति पैदा हो, इसके मद्देनजर हमने निर्माण कार्य रुकवा दिया है। कल एसडीएम को मामले से अवगत कराया जाएगा और तहसीलदार को मौके पर भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन स्थिति पर नजर रखे हैं। किसी से अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।
रणधीर की है जगह : सरपंच
सरपंचकरतार सिंह ने इस मुद्दे पर कहा कि जिस जगह निर्माण किया जा रहा है, वह रणधीर सिंह की है। उमरा आदर्श गांव बना तो यहां कंकरीट की सड़क का निर्माण कर दिया गया, ताकि बाल्मीकि समुदाय के लोगों को दिक्कत हो। उस समय यह जानकारी नहीं थी कि जिस जगह पर कंकरीट की सड़क का निर्माण किया जा रहा है, वह किसी की निजी संपत्ति है। रणधीर को अब पता चला है कि कानूनी तौर पर वह इसका मालिक है।