फोटोग्राफी के साथ गिरदावरी की जाए: खाप
बेरवालखाप के सचिव चेतराम बेरवाल ने सरकार और प्रशासन से सफेद मक्खी से खराब हुई फसल की गिरदावरी फोटोग्राफी के साथ कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि निरीक्षण करते समय पटवारी भू-स्वामी या काश्तकारों के साथ फोटो खिंचवाएं। उन्होंने कहा कि जिस रकबे की गिरदावरी की जानी है, उस क्षेत्र के जमींदारों और काश्तकारों के लिए मुनादी करवाई जाए, उसके बाद मौके के निरीक्षण की कार्यवाही की जाए।
बेरवाल ने कहा कि जिले में सफेद मक्खी के प्रभाव के चलते पिछले वर्ष की तरह इस साल भी फसल बर्बाद हो गई है। प्रशासन का खराब हुई फसल के आंकलन के लिए विशेष गिरदावरी कराने का फैसला सराहनीय है, लेकिन विशेष गिरदावरी करते समय पटवारी खेत के मालिक या काश्तकार की हाजिरी लगाकर और किसान के हस्ताक्षर भी करवाए। रोग के कारण जिस किसान की फसल को नुकसान हुआ मालूम होगा, उसे राजस्व विभाग के अधिकारियों कर्मचारियों से अवगत कराए। ऐसा होने से घपलेबाजी की कोई संभावना नहीं रहेगी।