माॅडल टाउन में महिला से बैग छीन ले गए
{दिनदहाड़े काली देवी स्कूल के पास हुई घटना
भास्करन्यूज | हांसी
माडलटाउन में महिला से छीनाझपटी की एक और घटना हुई है। नई घटना में साइकिल सवार बदमाश ने एक कामकाजी महिला से बैग छीन लिया और फरार हो गया। घटना दिनदहाड़े काली देवी स्कूल के पास हुई। महिला ने घटना के बाद शोर भी मचाया, लेकिन बदमाश फरार होने में कामयाब हो गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन शुरू कर दी। आवास नंबर 220 में रहने वाली महिला दर्शना माडल टाउन में ही एक सेंटर में कार्यरत हैं। वह बच्चे को साथ लेकर सब्जी मंडी के समीप स्थित पीएनबी की मेन ब्रांच में किसी काम से गई थी। दोपहरबाद वह घर लौट रही थी कि काली देवी स्कूल के पास पीछे से एकदम आए साइकिल सवार एक बदमाश ने उनके हाथ से बैग झपट लिया।
महिला ने बैग बचाने का प्रयास किया, लेकिन इस कोशिश में उनका बच्चा सड़क पर गिर गया। महिला ने बच्चे को संभाला और शोर मचा दिया। महिला की आवाज सुनकर लोग मौके पर जमा हो गए, लेकिन तब तक बदमाश फरार हो चुका था। कुछ लोगों ने बताई गई दिशा में बदमाश की तलाश भी की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। महिला दर्शना के छीने गए बैग में करीब पांच हजार रुपए की नकदी, एक मोबाइल फोन तथा जरूरी कागजात भी थे।